मनवाखेड़ा विद्यालय के 13 खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर लहराया परचम


गिर्वा ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मनवाखेड़ा के 13 छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
प्रधानाचार्य रामेश्वर लाल उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय की टीमों ने ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, रग्बी फुटबॉल और रेसलिंग में शानदार प्रदर्शन कर विजेता और उपविजेता स्थान प्राप्त किए। चयनित खिलाड़ियों में नगीना धोली, लव दायमा, रोशन गमेती, रमेश भील, परी बंजारा, काजल, किरण, मोहिनी, गायत्री, करण, विद्या गमेती, दिव्या और पूजा शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों का विद्यालय में सम्मान कर उत्साहवर्धन किया गया। उपाध्याय ने कहा कि यह उपलब्धि शारीरिक शिक्षिका अंजू चौधरी के मार्गदर्शन और तन्नु प्रजापत व हेमलता डांगी के सहयोग से संभव हो पाई है।









