उदयपुर में होगा 8वां कार्डियक समिट, 300 से ज्यादा हृदय रोग विशेषज्ञ आएंगे लेक सिटी


लेकसिटी उदयपुर में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा जगत का केंद्र बनने जा रही है। हार्ट एंड रिद्म सोसायटी, उदयपुर की ओर से आगामी 30 और 31 अगस्त 2025 को 8वां कार्डियक समिट (CSU-2025) आयोजित होगा।
मैरियट उदयपुर होटल में होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर से 300 से ज्यादा नामी गिरामी हृदय रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट और एंडोक्रिनोलॉजिस्ट शिरकत करेंगे। सम्मेलन का मुख्य फोकस हृदय रोगों की रोकथाम, शुरुआती पहचान और नवीनतम उपचार पद्धतियों पर रहेगा।
सम्मेलन की जानकारी देते हुए हार्ट एंड रिदम सोसाइटी के चेयरमैन एवं समिट के आयोजक, सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमित खंडेलवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ECG क्विज़, वैज्ञानिक सत्र, केस प्रेजेंटेशन और डिबेट्स के जरिए चिकित्सकों को नवीन तकनीकों और शोध से रूबरू कराया जाएगा।
कार्यक्रम में पहले दिन शाम को उद्घाटन एवं सम्मान समारोह होगा जिसमें मुख्य अतिथि आर एन टी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ.विपिन माथुर होंगे।
गौरतलब है कि यह उदयपुर में होने वाला यह 8 वां कार्डियक समिट है। इस तरह के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय लेवल के सम्मेलन उदयपुर जैसी विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी को स्वास्थ्य जगत में भी एक अलग पहचान देती है, और भविष में युवाओं के लिए कई तरह के विकल्प उपलब्ध कराती है ।









