लैक्रोज प्रशिक्षण शिविर चरम पर

 लैक्रोज प्रशिक्षण शिविर चरम पर

महाराणा प्रताप खेल गांव, उदयपुर में ओलंपिक खेल लेक्रोज की आगामी अंतर्राष्ट्रीय एवं फेडरेशन कप प्रतियोगिता की तैयारी के लिए राजस्थान के खिलाड़ियों का एक माह से जारी प्रशिक्षण शिविर अब अपने चरम पर है।

राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि उदयपुर प्रशासन एवं जनजाति विकास विभाग के सहयोग से आयोजित इस गहन आवासीय प्रशिक्षण शिविर को संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। शिविर का निरीक्षण राजस्थान लेक्रोज संघ के सीईओ सज्जाद खान ने किया।

प्रशिक्षक नीरज बत्रा के मार्गदर्शन में भारतीय टीम में चयनित 9 महिला एवं 5 पुरुष खिलाड़ियों सहित राजस्थान के अन्य खिलाड़ी प्रतिदिन प्रातः एवं सांयकालीन सत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को शारीरिक एवं मानसिक मजबूती, तेज गति से सामंजस्यपूर्ण आक्रमण, मजबूत रक्षण, त्वरित गोल रक्षण तथा विपरीत परिस्थितियों में खेल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष अभ्यास कराया जा रहा है।

शिविर की आवास व्यवस्था जनजाति विकास विभाग आयुक्त कन्यालाल स्वामी के निर्देशानुसार उपायुक्त निरमा बिश्नोई की देखरेख में की गई है। पुरुष खिलाड़ियों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, चित्रकूट नगर में और महिला खिलाड़ियों को टीआरआई छात्रावास में ठहराया गया है। वहीं खेल का अभ्यास उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशानुसार जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल की देखरेख में महाराणा प्रताप खेल गांव में संपन्न किया जा रहा है।

Related post