आई स्टार्ट द्वारा स्टार्टअप्स एवं एमएसएमईएस के लिए पावर वर्कशॉप का आयोजन, 42 स्टार्टअप फाउंडर्स ने लिया भाग


सूचना एवं प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की पहल आईस्टार्ट तथा राजस्थान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के तत्वाधान में आरएएमपी स्कीम के तहत स्टार्टअप्स, एमएसएमई और निर्यात-उन्मुख उद्यमों के लिए मंगलवार को एक विशेष पावर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कुल 42 स्टार्टअप फाउंडर्स और एमएसएमई उद्यमियों ने भाग लिया।
आईस्टार्ट के उप निदेशक जीवन राम मीणा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को लीगल कंप्लायंस, जोखिम प्रबंधन, राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी 2024, एमएसएमई पॉलिसी 2024, आरआईपीएस 2024 तथा नवीनतम सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं की व्यावहारिक जानकारी देना था, जिससे वे अपने व्यवसाय का राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर विस्तार कर सकें।
“लॉ इज ए ग्रोथ पार्टनर” विषय पर आयोजित सत्र में डॉ. कृष्णा त्रिवेदी और डॉ. विनिता व्यास ने स्टार्टअप्स और एमएसएमई के लिए कानूनी अनुपालन, एडीआर/ओडीआर और जोखिम प्रबंधन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय पर लिखित एग्रीमेंट और कानूनी अनुपालन से विवाद और जोखिम कम होते हैं।
सीए अंकित कोठारी ने राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी 2024 के तहत निर्यात से जुड़े इंसेंटिव्स और मार्केट एक्सेस सपोर्ट की जानकारी दी। इसके बाद एमएसएमई पॉलिसी 2024 और आरआईपीएस 2024 के अंतर्गत उपलब्ध प्रमुख प्रोत्साहनों और सब्सिडी योजनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिला।









