भारतीय पॉवर लिफ्टिंग टीम का भव्य स्वागत

 भारतीय पॉवर लिफ्टिंग टीम का भव्य स्वागत

उदयपुर, 16 अक्टूबर। हांगकांग के क्वीन एलिजाबेथ स्टेडियम में संपन्न हुई एशियन सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर एवं मास्टर इक्विप्ड एवं क्लासिक बेंच प्रेस चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 28 पदक — 16 स्वर्ण, 10 रजत और 2 कांस्य — अपने नाम किए।

यह जानकारी भारतीय टीम के कोच एवं राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के दीपक कुमार शर्मा ने 93 किलोग्राम मास्टर टू भार वर्ग में क्लासिक और इक्विप्ड दोनों वर्गों में दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

हांगकांग से जयपुर पहुंचने पर दीपक कुमार शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। जयपुर एयरपोर्ट से भाजपा जिला कार्यालय तक जुलूस के रूप में उनका अभिनंदन किया गया। एयरपोर्ट पर समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से उनका स्वागत किया। शहर में कई स्थानों पर स्वागत समारोह हुए और भाजपा कार्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल, प्रवक्ता निर्मला सैनी, युवा नेता मनोज पांडे, विप्र फाउंडेशन के प्रवक्ता सुशील शर्मा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच आशीष जेमन, राष्ट्रीय खिलाड़ी जितेंद्र शर्मा, योगेंद्र सोगरवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

विनोद साहू ने बताया कि भारतीय टीम में अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दिल्ली के भास्कर शाह ने 105 किलोग्राम सीनियर वर्ग में 325 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता। मणिपुर की लिमा चानू ने 76 किलो सीनियर महिला वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि तमिलनाडु की आर. अमोदिनी ने 84 किलो से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीता।

इसके अलावा, केरल की नैयला नजूब, उत्तर प्रदेश की रोमा सिंह, मणिपुर की नीमी चानू, महाराष्ट्र के सोहम समीर, दिल्ली के अर्जुन वत्स, हरियाणा के ऋषभ पाल, दिल्ली के तनिष्क गर्ग, कर्नाटक के अवनील डिसूजा, महाराष्ट्र की हेतल गलिया और दीप्ति दोषी, कर्नाटक के विनय कुमार, महाराष्ट्र के दीपक शर्मा, कर्नाटक की गीता बाई, दिल्ली के आनंद मंडिया, महाराष्ट्र की वीरेन कौर, आंध्र प्रदेश के यज्ञना प्रसाद, उत्तर प्रदेश के रुबिन श्रीवास्तव, आंध्र प्रदेश की रामु धुलिपल्ला और झारखंड के इंद्रजीत सिंह ने भी विभिन्न श्रेणियों में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

भारतीय टीम का दिल्ली एयरपोर्ट पर भी भव्य स्वागत किया गया। टीम के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पावरलिफ्टिंग इंडिया के अध्यक्ष सतीश कुमार कुदरोली और महासचिव, अर्जुन अवार्ड विजेता पी. जे. जोसफ ने सभी खिलाड़ियों एवं कोच विनोद साहू को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

Related post