पति ने की पत्नी की हत्या, मासूम बच्चों पर संकट; राहडा फाउंडेशन ने पहुंचाई राहत

 पति ने की पत्नी की हत्या, मासूम बच्चों पर संकट; राहडा फाउंडेशन ने पहुंचाई राहत

उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र के काछबा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पिछले दिनों एक महिला की उसके ही पति द्वारा हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जिससे मृतका के मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं।

परिजनों के अनुसार, मृतका के 9 बच्चे है, आठ बच्चे फिलहाल अपनी नानी के पास रह रहे हैं, जबकि एक बच्चा आरोपी पिता के साथ लापता बताया जा रहा है। मां की मौत और पिता के फरार होने के बाद बच्चों के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

बताया गया कि बच्चों की नानी की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उनके पास न तो पर्याप्त भोजन की व्यवस्था थी और न ही बच्चों की अन्य बुनियादी जरूरतें पूरी करने के साधन।

इस संवेदनशील मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के माध्यम से राहडा फाउंडेशन की संस्थापक अर्चना सिंह चारण तक पहुंची। सीडब्ल्यूसी ने फाउंडेशन से वस्तुस्थिति की जानकारी जुटाने और आवश्यक मानवीय सहयोग के लिए कहा।

सूचना मिलते ही राहडा फाउंडेशन के प्रतिनिधि गांव पहुंचे और बच्चों व उनकी नानी की स्थिति को देखते हुए तत्काल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई, ताकि इस कठिन समय में बच्चों को अभाव का सामना न करना पड़े। साथ ही बच्चों से संबंधित आवश्यक जानकारी और तथ्यों को सीडब्ल्यूसी एवं बाल अधिकारिता विभाग को सौंप दिया गया है, ताकि आगे बच्चों के संरक्षण, देखरेख और भविष्य से जुड़ी वैधानिक प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

फाउंडेशन की संस्थापक अर्चना सिंह चारण ने कहा कि यह घटना केवल एक अपराध नहीं, बल्कि उन मासूम चेहरों की पीड़ा है जिनका बचपन एक ही झटके में छिन गया। उन्होंने समाज और प्रशासन से अपील की कि पीड़ित बच्चों के पुनर्वास और सुरक्षित भविष्य के लिए सभी संवेदनशीलता के साथ आगे आएं।

Related post