उदयपुर के गौरव साहू का विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग टीम में चयन


उदयपुर, दिनांक 25 अक्टूबर —
रोमानिया के क्लुज-नापोका शहर स्थित होटल ग्रांड इटालिया के सभागार में आगामी 10 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू का भारतीय सीनियर पावरलिफ्टिंग टीम में चयन किया गया है।
यह जानकारी देते हुए राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि गौरव साहू का भारतीय सीनियर टीम में चयन होना राजस्थान के लिए एक स्वर्णिम क्षण है। पिछले 45 वर्षों के पावरलिफ्टिंग खेल के इतिहास में यह पहला अवसर है जब राजस्थान का कोई खिलाड़ी विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेगा। गौरव राजस्थान के पहले खिलाड़ी बने हैं जो विश्व सीनियर इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह खुशखबरी ऐसे समय में आई है जब गौरव का जन्मदिन भी 26 अक्टूबर को है, जिससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई है। गौरव 59 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की ओर से खेलते हुए विदेशी खिलाड़ियों को चुनौती देंगे। उनका मुकाबला 10 नवंबर को दोपहर 4:00 बजे होगा।
विश्व सीनियर इक्विप्ड पुरुष एवं महिला पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में लगभग 35 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें भारत सहित अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, कनाडा, यूक्रेन, ब्राज़ील, जर्मनी, चेकोस्लोवाकिया, डेनमार्क, नॉर्वे, बुल्गारिया, मिस्र, ऑस्ट्रिया, कैमरून, इक्वाडोर, इटली, बेल्जियम, फिनलैंड, ताइवान, कज़ाख़िस्तान, मंगोलिया, फिलीपींस, पोलैंड और मेजबान रोमानिया शामिल हैं।
गौरव इससे पहले इस्तांबुल (तुर्की) में आयोजित एशियन जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उससे पूर्व हांगकांग में आयोजित एशियन सब-जूनियर चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक भी हासिल किया था। भारतीय टीम के साथ गौरव का यह तीसरा विदेश दौरा होगा। वर्तमान में गौरव सुखाड़िया विश्वविद्यालय में एम.ए. योगा (प्रथम सेमेस्टर) के छात्र हैं।
गौरव 8 नवंबर की रात को मुंबई से लुफ्थांसा एयरवेज द्वारा रोमानिया रवाना होंगे और 17 नवंबर को स्विस एयरवेज से रोमानिया से मुंबई लौटेंगे।
गौरव के चयन पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, आयोजन सचिव एवं भारतीय टीम के कोच विनोद साहू, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माला सुखवाल, चंद्रेश सोनी, राजकुमारी यादव, भूपेंद्र व्यास, जिला ओलंपिक संघ के सचिव जलामचंद जैन, चेंबर ऑफ कॉमर्स उदयपुर के उपाध्यक्ष सुखलाल साहू, पूर्व जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान, जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष ललित सिंह सिसोदिया सहित कई खेल प्रेमियों ने गौरव साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सभी ने आशा व्यक्त की कि गौरव विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।









