निजी अस्पतालों में अग्निशमन मॉक ड्रिल: कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने की ट्रेनिंग

 निजी अस्पतालों में अग्निशमन मॉक ड्रिल: कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने की ट्रेनिंग

उदयपुर, 17 अक्टूबर। शहर के प्रमुख निजी अस्पतालों में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए शुक्रवार को नगर निगम उदयपुर के अग्निशमन विभाग द्वारा प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पतालों में फायर अलार्म और फायर फाइटिंग सिस्टम का परीक्षण किया गया और आपात स्थिति में किए जाने वाले उपायों के संबंध में कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

जिला कलक्टर एवं नगर निगम प्रशासक नमित मेहता तथा आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देशानुसार, उप निदेशक (क्षेत्रीय) स्थानीय निकाय विनोद कुमार के सानिध्य में सुबह 11 बजे गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल और दोपहर 2 बजे पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उमरड़ा तथा पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भीलों के बेदलामें मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के नेतृत्व में सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा और टीम ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान अस्पताल में आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। अस्पताल स्टाफ ने फायर ब्रिगेड टीम की देखरेख में उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया और आपसी समन्वय के साथ निकासी अभ्यास किया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न प्रकार की आग तथा उपयुक्त अग्निशमन विधियों की जानकारी दी।

श्री चौधरी ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य अस्पतालों में सुरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाना और आकस्मिक स्थितियों में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस दौरान कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, फायर एक्सटिंग्विशर का सही उपयोग करने और आपातकालीन निकासी प्रक्रिया को लागू करने के तरीकों की प्रशिक्षण दी गई।

उल्लेखनीय है कि अग्निशमन विभाग ने हाल ही में महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की थी।

Related post