रात 2 बजे तक गरबा कार्यक्रमों को स्वीकृति देने पर एकलिंगनाथ सेवा संगठन ने जताई आपत्ति

 रात 2 बजे तक गरबा कार्यक्रमों को स्वीकृति देने पर एकलिंगनाथ सेवा संगठन ने जताई आपत्ति

-सनातन को नुकसान पहुंचाने वाले गरबा मंडलों पर कार्रवाई हो:

उदयपुर। श्री एकलिंगनाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आकाश बागडी ने शहर में कुछ गरबा कार्यक्रमों को रात 2 बजे तक स्वीकृति दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया है।

बागडी ने बताया कि जहाँ अधिकांश सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पुलिस रात 11 बजे से पहले ही बंद करवा रही है, वहीं कुछ गरबा मंडलों के आयोजन देर रात 2 बजे तक चल रहे हैं। इन मंडलों ने अपने निमंत्रण कार्ड पर भी रात 9 बजे से 2 बजे तक का समय अंकित किया है।

उन्होंने कहा कि संगठन पहले भी जिला कलेक्टर और एएसपी को ज्ञापन देकर मांग कर चुका है कि—

  • गरबा कार्यक्रमों में फूहड़ता और अश्लील गीतों पर रोक लगे,
  • प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति का आधार कार्ड अनिवार्य रूप से जांचा जाए,
  • तथा कार्यक्रमों का समापन निर्धारित समय पर कराया जाए।

इसके बावजूद प्रशासन द्वारा गंभीरता से कार्रवाई नहीं होने पर भक्तों और समाजजन में आक्रोश है। बागडी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर संस्कृति के विरुद्ध कार्य कर सनातन धर्म को क्षति पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्रशासन से ऐसे गरबा मंडलों के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में संगठन की ओर से सोमवार को पुनः ज्ञापन दिया जाएगा।

Related post