दीपावली मेला 2 नवम्बर से, 15 दिन तक होंगे कार्यक्रम, स्थानीय प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच

 दीपावली मेला 2 नवम्बर से, 15 दिन तक होंगे कार्यक्रम, स्थानीय प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच

उदयपुर प्रशासन द्वारा आयोजित दीपावली मेले का उद्घाटन 2 नवम्बर यानी कल शाम 7 बजे संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट एवं जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल के मुख्य आतिथ्य में होगा। इसमें 15 दिन तक अलग अलग कार्यक्रम होंगे जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच उपलब्ध होगा।

नगर निगम आयुक्त  वासुदेव मालावत ने बताया कि दीपावली मेला 2023 अन्तर्गत नगर निगम प्रांगण में होगा। सांस्कृतिक संध्या के शुरूआती 2 दिन 2 व 3 नवम्बर को स्थानीय प्रतिभा नाइट व उभरते सितारे का आयोजन किया जाएगा। 

4 नवम्बर को संगीत संध्या पर अंजुषा शर्मा एवं जॉली मुखर्जी के द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। अंजुषा शर्मा एवं जॉली मुखजी ने अपनी गायकी के बल पर देश में अलग छाप छोड़ी है।

5 नवंबर को प्रसिद्ध भजन गायक पूजा नथानी एवं अतुल पंडित द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी।

6 नवम्बर को लाफ्टर नाइट का आयोजन होगा जिसमें जाने माने लाफ्टर कलाकार वीआईपी, दीपक राजा एवं राजा रेन्चों उदयपुरवासियों को गुदगुदाएगे।

7 नवम्बर को डांस नाइट में डांस इण्डिया डांस फेम सुशांत खत्री का चयन किया गया है। सुशांत देश में प्रसिद्ध डांसर में सम्मिलित किये जाते है। 

8 नवम्बर को वंडर सीमेंट द्वारा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ आमजन के मनोरजन हेतु झूले एवं विभिन्न प्रकार की खाने-पीने एवं खरीदारी हेतु दुकानें भी लगवाई गयी है।

निगम आयुक्त वासुदेव मालावत ने बताया कि मेले में दुकानें व झूले लगाने से निगम को कुल 1.59 करोड़ रूपये की आय हुई है। सांस्कृतिक संध्याओ के लिए तैयार किए गए मंच पर प्रतिदिन कार्यक्रम अनुरूप डेकोरेशन किया जाएगा। 

पार्किंग को लेकर शहरवासियो को कोई असुविधा न हो इसके लिए माकूल व्यवस्थाएं की गई है। आयोजन में आमजन की सुविधा हेतु टाउनहॉल की नवनिर्मित पार्किंग, आर.सी.ए. लिंक रोड़, फतेह स्कूल परिसर अंदर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

Related post