दिव्यांगजन उपकरण वितरण शिविर, कोटड़ा में 110 लाभार्थियों को मिले सहायक साधन

 दिव्यांगजन उपकरण वितरण शिविर, कोटड़ा में 110 लाभार्थियों को मिले सहायक साधन

राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुपालन में कोटड़ा उपखंड मुख्यालय पर दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ एक भव्य उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला प्रशासन और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर के माध्यम से 110 दिव्यांगजनों को लाभान्वित कर उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी कपिल कोठारी रहे। अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने की। विशिष्ट अतिथियों में निवर्तमान प्रधान श्रीमती सुगना देवी, विकास अधिकारी शंभूराम गरासिया, समाजसेवी रणजीत सिंह, हिम्मत तावड़ और सुरेश खेर उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगता की जांच के बाद आवश्यकतानुसार ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), स्मार्ट केन, कैलीपर और बैसाखी आदि का वितरण किया गया।

एसडीओ कपिल कोठारी ने दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड बनवाने पर जोर दिया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने मंच संचालन करते हुए विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से दीपक मेहता, राजेंद्र सेन, भंवर कंवर और अर्जुन सोनी की टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में कनिष्ठ लेखाकार प्रेमशंकर मेघवाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Related post