पहाड़ियों की अवैध कटाई व नियमविरुद्ध निर्माण पर प्रशासन सख्त – कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश


शहर एवं आसपास की पहाड़ियों पर हो रही अवैध कटाई और नियमविरुद्ध निर्माण को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इस संबंध में शुक्रवार को जिला कलेक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में कलेक्टर निवास पर अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने पहाड़ियों की अवैध कटाई, अवैध निर्माण तथा बिना अनुमति किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और दोषियों के खिलाफ तत्काल व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर मेहता ने विभिन्न पहाड़ियों पर निर्मित सड़कों एवं अन्य संरचनाओं की स्वीकृतियों की जानकारी लेते हुए स्पष्ट किया कि जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बिना वैधानिक अनुमति किए गए सभी कार्यों की गहन जांच करने तथा संबंधित व्यक्तियों के दस्तावेजों की सूक्ष्मता से पड़ताल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पहाड़ियों की कटाई पर्यावरण से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील विषय है। ऐसे मामलों में लापरवाही पाए जाने पर न केवल संबंधित व्यक्तियों बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर ने प्रभावित गांवों एवं क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे कर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों की जांच कर अवैध अथवा नियमविरुद्ध पाए जाने वाले मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके। पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सभी कार्रवाइयां प्रो-एनवायरमेंट दृष्टिकोण के तहत की जाएंगी। अवैध निर्माण एवं पहाड़ियों की कटाई किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में खातेदारी निरस्त करने के साथ-साथ सीजर से संबंधित राजस्व विभाग एवं उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसडीएम गिर्वा अवुला साईं कृष्ण, यूडीए उपायुक्त सुरेंद्र बी. पाटीदार, यूडीए तहसीलदार अभिनव शर्मा, रणजीत सिंह बिट्टू, गिर्वा तहसीलदार श्याम सिंह चारण, बड़गांव तहसीलदार हितेश त्रिवेदी सहित खनन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









