रोलबॉल के रोमांचक मुकाबलों के साथ जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, बीएसआर ने दो वर्गों में मारी बाजी


जिला रोलबॉल संघ उदयपुर की ओर से रविवार, 22 नवंबर को शोभागपुरा स्थित ड्यूमनी स्पोर्ट्स एकेडमी में एक दिवसीय जिला स्तरीय सब जूनियर एवं सीनियर रोलबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं सीनियर बालक-बालिका वर्ग की टीमों ने भाग लिया। चारों वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले खेले।
जिला रोलबॉल संघ के सचिव घनश्याम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि प्रतियोगिता के परिणामों में सब जूनियर बालक वर्ग में ड्यूमनी ने प्रथम, एमवीएम ने द्वितीय तथा एसएमए ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर बालिका वर्ग में रेयान प्रथम, बीएसआर द्वितीय एवं ड्यूमनी तृतीय स्थान पर रही।
सीनियर बालक वर्ग में बीएसआर ने प्रथम, विजडम ने द्वितीय तथा एसएमए ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में भी बीएसआर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रेयान द्वितीय एवं एसएमए तृतीय स्थान पर रही। इस प्रकार बीएसआर ने सीनियर बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
कार्यक्रम में जिला रोलबॉल संघ उदयपुर की वाइस चेयरमैन वर्षा आसवानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में संघ के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए तथा खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का आयोजन संघ अध्यक्ष डॉ. जोगेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। संघ सदस्य कलीम अंसारी एवं कोच विष्णु ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों का सहयोग रहा।








