मुख्यमंत्री की मौजूदगी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का 12 अगस्त को आयोजन, उदयपुर में होगा जिला स्तरीय प्रसारण


उदयपुर, 11 अगस्त। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में बुधवार, 12 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तरीय प्रसारण पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, नगर निगम में अपराह्न 3 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले से बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव अग्रवाल ने कार्यक्रम के सुचारू आयोजन के लिए उप निदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग को नोडल अधिकारी तथा उप निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने का संदेश
सिंगावतों का वाड़ा विद्यालय परिसर में 300 से अधिक पौधों का रोपण


उदयपुर, 11 अगस्त। भूमंडलीय पर्यावरण संरक्षण एवं मानव विकास संस्थान, उदयपुर की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिंगावतों का वाड़ा, देबारी में हरयाळो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से 300 से अधिक फलदार, छायादार एवं औषधीय गुणों से युक्त पौधों का रोपण किया गया। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह रावल ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण मानव जीवन की पहली आवश्यकता है।
पेड़-पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 300 से अधिक पौधे लगाए गए। फलदार, छायादार और औषधीय पौधों के रोपण से विद्यालय परिसर को भविष्य में एक हरे-भरे एवं उपयोगी परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था प्रधान केशीदेवी गमेती ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर जोशी, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ललित दक, संस्थान के धर्मवीर सिंह, किशन सिंह देवड़ा, पृथ्वी सिंह, शिक्षिका अंजू देवी शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लेते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
कैप्शन-
प्लांटेशन – उदयपुर। राप्रावि सिंगावतों का वाड़ा में पौधरोपण करते हुए।
रक्षाबंधन पर डाक विभाग की विशेष पहल
बहनों के लिए 13 अगस्त से लगाए जाएंगे स्पेशल काउंटर
जिले के तीन प्रमुख डाकघरों में विशेष सजावट
राखियों की होगी प्राथमिकता से बुकिंग
उदयपुर, 11 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश के विभिन्न शहरों में रहने वाले भाई-बहनों तक राखी समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से डाक विभाग द्वारा विशेष पहल की गई है। 28 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व को लेकर जिले के प्रमुख डाकघरों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
उदयपुर डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक अक्षय गाडेकर ने बताया कि डाक विभाग द्वारा उदयपुर हेड पोस्ट ऑफिस, शास्त्री सर्कल पोस्ट ऑफिस एवं हिरणमगरी पोस्ट ऑफिस में विशेष रूप से सजावट की गई है। राखियों की बुकिंग एवं डिलीवरी को सुविधाजनक बनाने के लिए स्पेशल काउंटर्स लगाए जा रहे हैं। इन स्पेशल काउंटर्स पर गुरुवार 13 अगस्त से रक्षाबंधन की राखियों की बुकिंग शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि अपने भाइयों से दूर रह रही बहनें तथा बहनों से दूर रह रहे भाई अपनी राखी और स्नेह समय पर अपने प्रियजनों तक पहुंचा सकें। इसके लिए विभाग द्वारा राखियों की बुकिंग को सुविधाजनक एवं प्राथमिकता के साथ संपादित करने की विशेष व्यवस्था की गई है। रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर डाक विभाग द्वारा उदयपुर हेड पोस्ट ऑफिस, शास्त्री सर्कल पोस्ट ऑफिस एवं हिरणमगरी पोस्ट ऑफिस में राखी बुकिंग करने वाली प्रथम 50 बहनों को विशेष गिफ्ट हैम्पर दिया जाएगा।
कैप्शन-
राखी काउंटर- उदयपुर। डाक विभाग द्वारा सजाया गया राखी काउंटर।
होमगार्ड जवानों ने निकाली तिरंगा वाहन रैली, राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश


उदयपुर, 11 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राजस्थान होमगार्ड कमांडेंट प्रणय जसोरिया के निर्देशानुसार होमगार्ड जवानों द्वारा तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। कंपनी कमांडर मंगलाराम एवं आरक्षी सुरेश सिंह के मार्गदर्शन में निकाली गई रैली में होमगार्ड के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा वाहन रैली राजस्थान होमगार्ड कार्यालय से रवाना हुई और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस कार्यालय पहुंची। इस दौरान होमगार्ड के जवान बाइक पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश देते नजर आए।
रैली के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। जवानों ने लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रैली में माया कंवर, एचपीजी लक्ष्मी लाल, एमपीसी मनीष आमेटा, एचएचसी कैलाश, एचएचसी भावना, लक्ष्मी, यशोदा सहित कंपनी के समस्त जवान मौजूद रहे।
कैप्शन-
तिरंगा वाहन रैली- उदयपुर। तिरंगा वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए।
औद्योगिक भूखण्डों के डायरेक्ट अलाॅटमेन्ट का तेहरवां चरण प्रारम्भ
चार औद्योगिक क्षेत्रों में भूखण्ड आवंटन दर को 40 प्रतिशत कम किया गया
उदयपुर, 11 अगस्त। जिले में रीको द्वारा विकसित किये गये विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में राइजिंग राजस्थान में एमओयू करने वाले निवेशकों के लिए भूखण्डों के आरक्षित मूल्य पर चार औद्योगिक क्षे़त्रों के कुल 173 औद्योगिक भूखण्डों का प्रत्यक्ष आंवटन योजना का तेहरवें चरण की प्रक्रिया 12 अगस्त से प्रारंभ की गई है। जिसमें औद्योगिक क्षेत्र कलडवास (विस्तार), आमली, औद्योगिक क्षेत्र सगतपुरा (भीण्डर) व श्रीराम जानकी औद्योगिक क्षेत्र, माल की टूस के औद्योगिक भूखण्ड शामिल हैं। रीको के अतिरिक्त महाप्रबंधक अजय पण्ड्या ने बताया कि योजनानतर्गत धरोहर राशि 12 अगस्त प्रातः10 बजे से 25 अगस्त सायं 6 बजे तक जमा कराई जा सकेगी एवं किसी भी भूखण्ड पर एक से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर ई-लाॅटरी 1 सितम्बर को की जायेगी।
श्री पण्ड्या ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र कलड़वास (विस्तार) में 2 औद्योगिक भूखण्ड, औद्योगिक क्षेत्र आमली में 62, औद्योगिक क्षेत्र सगतपुरा (भीण्डर) में 90 एवं औद्योगिक क्षेत्र श्रीराम जानकी माल की टूस में 21 औद्योगिक भूखण्डों को प्रत्यक्ष आंवटन योजना के तेहरवें चरण में रखा गया हैं। जिसमें अनुसूचित जाति/जनजाति के लिये 6, महिला उद्यमियों के लिये 5, भूतपूर्व सैनिको के लिये 1, बैचमांर्क दिव्यागंजनों के लिये 4 तथा सशस्त्र बलों के शहीदो के आश्रितो के लिये 1 भूखंड आरक्षित है।
श्री पण्ड्या ने बताया किअ प्रत्यक्ष आवंटन योजना के तेहरवें चरण में शामिल औद्योगिक क्षेत्र श्रीराम जानकी माल की टूस तथा सगतपुरा (भीण्डर) के औद्योगिक भूखण्डों पर फ्लेक्सिबल लैण्ड लीज पाॅलिसी के अन्तर्गत आवंटन दर की 60 प्रतिशत दर पर 33 वर्ष की लीज अवधि के लिये किया जायेगा, जिससे निवेशकों को कम दर पर भूमि उपलब्ध हो सकेगी।
राइजिंग राजस्थान में इस योजना की अन्तिम तिथि 25 अगस्त 2026 तक एमओयू करने वाले सभी निवेशक योजना में आवेदन करने हेतु पात्र होंगे। सफल आवेदकों के लिए प्रस्ताव पत्र की 25 प्रतिशत राशि जमा कराने के बाद शेष 75 प्रतिशत राशि का भूगतान 19 त्रैमासिक किश्तों में मय ब्याज 8.50 प्रतिशत के साथ या 120 दिनों के भीतर ब्याज रहित भुगतान की संविधा उपलब्ध है। साथ ही सफल आवेदको द्वारा 25 प्रतिशत राशि जमा कराते ही आवंटन पत्र व भूखण्ड का कब्जा भी प्रदान कर दिया जायेगा। इसके अलावा जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा राज्य सरकार की अनेकों योजनाओं का लाभ भी प्राप्त किया जा सकेंगा।
भाग लेने हेतु इच्छुक आवेदकों को आनलाइन आवेदन करते समय प्रारम्भ भूखण्ड का 360 डिग्री फोटो व्यू एवं गुगल लोकेशन भी दिखेगा, जिससे आवेदक को भूखण्ड के आस-पास की पूरी स्थिति की जानकारी प्राप्त होने के साथ-साथ भूखण्ड के चयन करने व आवेदन करने में आसानी होगी। अधिक जानकारी के लिए रीको की वेबसाइट या उदयपुर रीको कार्यालय मे सम्पर्क किया जा सकता है।
नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित
सेक्टर ऑफिसर, ईवीएम कमिशनिंग एवं ईवीएम-एमटी सहित विभिन्न प्रशिक्षण होंगे
उदयपुर, 11 अगस्त। नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत उदयपुर जिले में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर (निकाय आम चुनाव) का प्रशिक्षण दीनदयाल सभागार, टाउन हॉल, नगर निगम उदयपुर में आयोजित होगा। इसमें लगभग 160 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसी प्रकार 18 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से ईवीएम कमिशनिंग (निकाय आम चुनाव) का प्रशिक्षण दीनदयाल सभागार, टाउन हॉल, नगर निगम उदयपुर में होगा। इसमें लगभग 140 प्रतिभागी भाग लेंगे।
19 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से ईवीएम-एमटी एवं डीएलएमटी/बीएलएमटी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण नगर निकाय एवं पंचायत आम चुनाव हेतु नियुक्त कार्मिकों के लिए होगा। प्रशिक्षण का आयोजन सुखाड़िया रंगमंच, टाउन हॉल, नगर निगम उदयपुर में किया जाएगा, जिसमें लगभग 100 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी रिटर्निंग अधिकारी प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कार्मिकों की संबंधित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थिति सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण कार्यक्रमों का पर्यवेक्षण प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कार्मिकों की उपस्थिति दर्ज करने एवं सामग्री वितरण की संपूर्ण व्यवस्था प्रभारी अधिकारी एवं कार्मिक प्रकोष्ठ द्वारा की जाएगी।
गवरी मंचन हेतु आवेदन 13 अगस्त तक
उदयपुर, 11 अगस्त। माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जनजाति कला-संस्कृति के संरक्षण हेतु किये जा रहे प्रयासों के क्रम में हर वर्ष ‘गवरी‘ नृत्य नाटिका का मंचन उदयपुर के अलग-अलग पर्यटक स्थलों किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष 2026-27 के लिए ‘गवरी‘ मंचन हेतु अनुभवी कलाकार दलों के मुखियाओं से आवेदन आमंत्रित किये गए हैं।
टीआरआई निदेशक ओपी जैन ने बताया कि इस वर्ष गवरी का मंचन उदयपुर शहर के साथ-साथ खैरवाड़ा, डूंगरपुर, ऋषभदेव, राजसमंद में भी करवाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि गवरी मंचन के अनुभवी कलाकारों के दल मुखियाओं से 13 अगस्त प्रातः 11 बजे तक आवेदन आमंत्रित किये गए है। इच्छुक कलाकार दलों के मुखिया सादे कागज पर आवेदन संस्थान के निदेशक अथवा कार्यक्रम अधिकारी तनेराज सिंह सौढ़ा (मो. 9413423018) को प्रस्तुत कर सकते हैं।









