हिन्दुस्तान जिंक ने उदयपुर के आरएनटी अस्पताल में अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन किया, स्वास्थ्य सेवाओं को मिला बड़ा बढ़ावा


उदयपुर, 05 मई 2026 हिन्दुस्तान जिंक द्वारा उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की पहल सराहनीय है। वेदांता हार्ट हॉस्पिटल में कार्डियोलॉजी विभाग के विकास के लिए हिन्दुस्तान जिंक हमेशा अग्रणी रहा है। यह बात पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक कार्डियक कैथेटराइजेशन लेबोरेटरी (कैथ लैब) के उद्घाटन अवसर पर कही।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यहां सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। डीएमएफटी फंड और अन्य दानदाताओं के सहयोग से, हिन्दुस्तान जिंक द्वारा स्थापित आधुनिक कैथ लैब यहां मिलने वाली उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रत्यक्ष उदाहरण है। इस प्रकार की सुविधाओं से आमजन को लाभ मिलेगा। आगे भी हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की योजना पर विचार किया जा रहा है।
कटारिया ने अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन पट्टिका अनावरण और रिबन काटकर किया। इस अवसर पर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, वेदांता के हेड CSR अनुपम निधि, हिन्दुस्तान जिंक के कॉर्पोरेट फाइनेंस कंट्रोलर राजीव पिट्टी, हेड कमर्शियल मुबारिक खान, आरएनटी के प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर सहित हिन्दुस्तान जिंक और आरएनटी के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
यह पहल हिन्दुस्तान जिंक और आरएनटी चिकित्सालय के बीच हुए एक एमओयू का हिस्सा है, जिसके तहत अस्पताल को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस कैथ लैब में हृदय रोगों की जांच और उपचार के लिए आधुनिक इमेज-गाइडेड तकनीक का उपयोग किया जाएगा। यहां कोरोनरी एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और स्टेंट प्रत्यारोपण जैसी जटिल प्रक्रियाएं आसानी से की जा सकेंगी। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिलने से जीवन बचाने की संभावना भी बढ़ेगी।
इस उपलब्धि पर हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने कहा, “यह कैथ लैब केवल बुनियादी ढांचे में वृद्धि नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के तरीके में बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर कार्डियक केयर उपलब्ध कराकर हमारा उद्देश्य मरीजों के उपचार के परिणामों को सुधारना और गंभीर इलाज तक पहुंच को आसान बनाना है। हमें राजस्थान में भविष्य के लिए तैयार हेल्थकेयर इकोसिस्टम के निर्माण में योगदान देने पर गर्व है।”
इस आधुनिक लैब के शुरू होने से जिंक सिटी उदयपुर और आसपास के जिलों के लोगों को अब महंगे इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह पहल न केवल स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी, बल्कि उदयपुर को मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाएगी। यह प्रदेश में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के प्रति हिन्दुस्तान जिंक की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
हिन्दुस्तान जिंक शिक्षा को बढ़ावा देने, कौशल विकास, सतत आजीविका के अवसर सृजित करने, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से अपने समग्र विकास के विजन को आगे बढ़ा रहा है। 4,400 से अधिक गांवों तक पहुंच के साथ, कम्पनी 26 लाख से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है और समावेशी विकास तथा दीर्घकालिक सामाजिक प्रभाव के लिए प्रतिबद्ध है।









