राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को


परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, आधार फाउंडेशन तथा जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 1 जनवरी से 31 जनवरी के अंतर्गत आयोजित होने वाला पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को प्रातः 10 बजे गीतांजलि हॉस्पिटल स्थित स्व. नर्मदा देवी अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी श्री ज्ञान देव विश्वकर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल जीवन रक्षा में सहायक होती हैं, बल्कि समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच और व्यवहार परिवर्तन लाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होती हैं। युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन देने की दृष्टि से यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क सुरक्षा को केवल नियमों तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का संस्कार बनाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा हो सके।
आधार फाउंडेशन के नारायण चौधरी ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को पारंपरिक “समापन समारोह” के बजाय “पुरस्कार वितरण समारोह” का नाम दिया गया है। कार्यक्रम को आकर्षक एवं जन-जागरूक बनाने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएंगी, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचे।
अभियान के दौरान आयोजित विविध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों, यातायात व्यवस्था में सराहनीय सेवाएं देने वाले यातायात पुलिस के जवानों, तथा दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जीवन रक्षक भूमिका निभाने वाले गुड सेमेरिटन नागरिकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।









