उदयपुर जिला सीनियर एवं मास्टर क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता 8 फरवरी को


जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के तत्वावधान में उदयपुर जिला सीनियर एवं मास्टर पुरुष एवं महिला क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन रविवार, 8 फरवरी को लवकुश इनडोर स्टेडियम में किया जाएगा।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव विनोद साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र एवं सेकेंडरी की अंकतालिका की फोटोप्रति अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होगी। खिलाड़ियों को ये सभी दस्तावेज 8 फरवरी को सुबह 9 बजे तक प्रतियोगिता स्थल पर वजन के समय जमा कराने होंगे।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का वजन सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक लिया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10:45 बजे किया जाएगा। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में 18 वर्ष से अधिक आयु तथा मास्टर वर्ग में 40 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आधार पर उदयपुर जिला सीनियर एवं मास्टर पुरुष एवं महिला पावरलिफ्टिंग टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 14 से 15 फरवरी तक उदयपुर में आयोजित होने वाली 14वीं राजस्थान राज्य सीनियर एवं मास्टर क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।









