69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता: राजस्थान ने गुजरात को 5–2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह


एसजीएफआई एवं पीएम श्री फतह स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में उदयपुर में चल रही 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता (19 वर्ष छात्र) में राजस्थान ने गुजरात से 5-2 से मुकाबला जीत कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। शुक्रवार को राजस्थान का क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलगांव के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर प्रातः साढ़े सात बजे झारखंड से होगा।
प्रातः कालीन सत्र में गुरुवार को खेल गांव के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर खेले गए राजस्थान व गुजरात के मध्य खेले गए प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने पहले क्वार्टर में तीन गोल एवं दूसरे क्वार्टर में एक गोल दाग कर कुल गोल 4-0 से बढ़त बना ली थी लेकिन गुजरात टीम ने हॉफ टाइम बाद लगातार दो गोल कर दिए। जिस मैच रोमांचक हो गया। लेकिन राजस्थान टीम ने वापसी करते हुए एक गोल करके स्कोर 5-2 कर दिया। इस प्रकार राजस्थान ने मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
इस अवसर पर खेल मैदान पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर चौबीसा एवं उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा लक्ष्मण सालवी, केन्द्राध्यक्ष गजेंद्र आवोत सहित अनेक शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे। इसी के साथ कुल 8 टीमें राजस्थान, पंजाब, उड़ीसा, दिल्ली, सीबीएसई, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश एवं झारखंड क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पंहुच चुकी है।
गुरूवार को हुए मुकाबलों के परिणाम:
गुरूवार प्रातः खेले गए प्री फाइनल मुकाबलो में झारखंड ने बिहार को 4-0 से, दिल्ली ने सीआईएससीई को वॉक ओवर मिलने से, उड़ीसा ने उत्तर प्रदेश को 2-0 से , सीबीएसई ने चंडीगढ़ को 3-2 से, हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा को 1-0 से हराया। उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा लक्ष्मण सालवी के अनुसार मैचों में पंजाब ने केरल को 7-1 से, राजस्थान ने गुजरात को 5-2 से, मध्य प्रदेश में आंध्र प्रदेश को 6 -1 से हराकर ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि गुरुवार को सांय कालीन सत्र में दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए जिसमें उड़ीसा व हिमाचल प्रदेश में अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सांयकालीन सत्र में खेल गांव स्थित अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ मैदान पर हुए प्रथम क्वाटर फाइनल मुकाबले में उड़ीसा ने मध्य प्रदेश को 2-1 से तथा दूसरे क्वॉर्टर फाइनल में हिमाचल प्रदेश ने सीबीएसई को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।









