राजस्थान निदेशालय एनसीसी का एक भारत श्रेष्ठ भारत शिविर का आगाज

 राजस्थान निदेशालय एनसीसी का एक भारत श्रेष्ठ भारत शिविर का आगाज

एनसीसी महानिदेशालय राजस्थान के तत्वाधान में उदयपुर समूह मुख्यालय द्वारा ’एक भारत श्रेष्ठ भारत शिविर’ का आयोजन दिनांक 24 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक 5 राज गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा सेंट्रल पब्लिक स्कूल भूपालपुरा के कैंपस में आयोजित किया जा रहा है। उक्त शिविर में जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख निदेशालय के 150 तथा राजस्थान निदेशालय के उदयपुर, कोटा, जोधपुर और जयपुर संभाग के 450 कैडेट्स भाग ले रहे हैं।

शिविर का मुख्य उद्देश्य जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख तथा राजस्थान निदेशालय के कैडेट्स को एक दूसरे की कला, संस्कृति वेशभूषा तथा भाषा को साझा करना है। 12 दिवसीय शिविर में जम्मू- कश्मीर एवं लद्दाख से आए कैडेट्स को मेवाड़ की धरती पर भ्रमण के अंतर्गत दार्शनिक स्थल गुलाब बाग, सिटी पैलेस, सहेलियों की बड़ी, प्रताप गौरव केंद्र इत्यादि का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही मेवाड़ की धरती की गौरव गाथा और महाराणा प्रताप के जीवन शैली का चलचित्र द्वारा परिचय दिया जाएगा। जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख से आए कैडेट्स एवं स्टाफ का ऊपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।

कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल मनमोहन सिंह रावत द्वारा शिविर के शुभारंभ समारोह में दूसरे राज्यों से आए समस्त कैडेट्स तथा स्टाफ का हार्दिक अभिनंदन किया गया। उन्होंने कैडेट्स को पूर्ण अनुशासन में रहकर शिविर के निश्चित ट्रेनिंग प्रोग्राम को पालन करने के दिशा निर्देश भी दिए। कैंप कमांडेंट ने कहा कि यह शिविर सबके लिए एक यादगार और शिक्षाप्रद शिविर रहेगा।

मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मानित श्रीमती अलका शर्मा चेयरपर्सन सी.पी.एस. एवं रॉकवुड ग्रुप ऑफ स्कूल्स ने मेवाड़ की विभूतियों बप्पा रावल, महाराणा प्रताप, मीरा के त्याग, समर्पण की जानकारी दी। सभी कैडेट्स को भक्ति, शक्ति की पावन धरा से सीखने हेतु प्रेरित किया। इस मौके पर उदयपुर समूह मुख्यालय से आए समस्त अधिकारी, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर तथा समस्त स्टाफ उपस्थित था।

संध्या काल में कैंप कमांडेंट द्वारा कैंप में उपस्थित सभी स्टाफ की कॉन्फ्रेंस ली गई तथा उनको आगामी दिनों में होने वाली प्रतियोगिताएं तथा शैक्षिक भ्रमण के कार्यक्रम से अवगत कराया गया।

Related post