बीएलओ ऐप अपग्रेड: मतदाता पहचान और प्रगणन फॉर्म में आए नए बदलाव


जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शुक्रवार को उदयपुर के विभिन्न राजकीय कार्यालयों और संस्थाओं में नियुक्त आईटी कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण सुखाड़िया रंगमंच, टाउन हॉल और नगर निगम, उदयपुर में संपन्न हुआ। सत्र के दौरान प्रशिक्षकों ने आईटी कार्मिकों को nvsp.in पोर्टल पर मतदाताओं द्वारा स्वयं गणना प्रपत्र भरने की विस्तृत प्रक्रिया समझाई। उपस्थित कार्मिकों को प्रोत्साहित किया गया कि वे सभी योग्य मतदाताओं को ऑनलाइन माध्यम से प्रगणन फॉर्म जमा करने में सहयोग प्रदान करें।


कोटड़ा में बीएलओ प्रशिक्षण
विधानसभा क्षेत्र झाड़ोल के कोटड़ा में बूथ लेवल अधिकारियों के लिए ‘ट्रबल शूट कम डिजिटाइज़ेशन प्रशिक्षण सत्र’ भी आयोजित किया गया। इसमें प्रशिक्षकों ने बीएलओ ऐप में जोड़ी गई नई सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि जिन मतदाताओं का ईपीआईसी (इलेक्टर फोटो पहचान पत्र) सत्यापन पूरा हो गया है, उनके लिए अब सीधे प्रगणन फॉर्म (ईएफ) भरने का विकल्प उपलब्ध है।
यदि कोई मतदाता प्रगणन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार करता है, तो उसे ‘असंग्रहणीय’ श्रेणी में Refused to Sign EF के रूप में चिह्नित किया जा सकता है। साथ ही अब मतदाता का नाम अंग्रेज़ी के साथ स्थानीय भाषा में भी प्रदर्शित होगा, जिससे पहचान प्रक्रिया और आसान होगी।
इसके अलावा, सर्च परिणामों की कुल संख्या भी स्क्रीन पर तुरंत दिखाई देगी, जिससे बीएलओ को अधिक सटीक और त्वरित जानकारी प्राप्त हो सकेगी।









