महिला ओपन टूर्नामेंट 2025 का पोस्टर विमोचन, दिसंबर में होगा आयोजन


राजस्थान महिला विद्यालय पूर्व छात्रा परिषद्, उदयपुर की ओर से आगामी माह आयोजित होने वाले महिला ओपन टूर्नामेंट 2025 का पोस्टर विमोचन आज एक विशेष समारोह में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सुरो की मंडली के संस्थापक मुकेश माधवानी ने पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर डॉ. पुष्पा कोठारी, पूर्णिमा बोकड़िया, संगीता शर्मा, बेला जैन तथा श्वेता नैणावटी सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं।
परिषद् की संरक्षिका डॉ. पुष्पा कोठारी ने जानकारी दी कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य उन कामकाजी और गृहिणी महिलाओं को एक समान मंच प्रदान करना है, जो 25 वर्ष या उससे अधिक आयु की हैं और पारिवारिक व्यस्तताओं के बीच अपने खेल कौशल और प्रतिभा को प्रदर्शित करना चाहती हैं। यह टूर्नामेंट 18 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर परिषद् के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने उदयपुर सहित आसपास के जिलों की महिलाओं से इस महिला ओपन टूर्नामेंट 2025 में उत्साहपूर्वक भाग लेने का विशेष आह्वान किया, ताकि खेलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश और अधिक प्रभावी रूप से फैलाया जा सके।









