पीएमसीएच के डॉ. अतुल लुहाड़िया को मिला राष्ट्रीय फेलोशिप अवॉर्ड


एलर्जी, अस्थमा और इम्यूनोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित
पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर के प्रमुख टीबी एवं चेस्ट रोग विशेषज्ञ और इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. अतुल लुहाड़िया को इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी, अस्थमा एंड एप्लाइड इम्यूनोलॉजी (आईसीएएआई) द्वारा एलर्जी, अस्थमा और इम्यूनोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित फेलोशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान डॉ. लुहाड़िया को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नेशनल एलर्जी एंड अस्थमा कॉन्फ्रेंस (आईसीएएआईकॉन) के दौरान प्रदान किया गया। इस अवसर पर आईसीएएआई के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कूलवाल, सचिव डॉ. ए. बी. सिंह, आयोजन अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और आयोजन सचिव डॉ. वेद प्रकाश ने उन्हें यह सम्मान भेंट किया।
इस वर्ष देशभर से केवल पांच चेस्ट रोग विशेषज्ञों को इस विशिष्ट फेलोशिप अवॉर्ड के लिए चुना गया, जिनमें राजस्थान से एकमात्र चयन डॉ. अतुल लुहाड़िया का हुआ। यह उपलब्धि उदयपुर और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन राहुल अग्रवाल ने डॉ. लुहाड़िया की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल संस्थान, बल्कि संपूर्ण चिकित्सा समुदाय के लिए गौरव की बात है।









