विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध


अब घर बैठे भरें और जमा करें अपना मतदाता गणना प्रपत्र
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता गणना प्रपत्र अब ऑनलाइन भरकर भी जमा कराया जा सकता है। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए गणना प्रपत्र भरने हेतु ऑनलाइन माध्यम की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके लिए voters.eci.gov.in वेबसाइट पर फॉर्म भरने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।


मतदाता केवल अपने लिए ही ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। इसके लिए मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड में नाम समान होना आवश्यक है, ताकि ई-हस्ताक्षर उपकरण के माध्यम से प्रक्रिया सुगमता से पूरी की जा सके। साथ ही, मतदाता का मोबाइल नंबर भी मतदाता पहचान पत्र से लिंक होना जरूरी है। जिन्होंने अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन जमा कर दिया है, उन्हें बीएलओ द्वारा दिए जाने वाले प्रपत्र को भरने की आवश्यकता नहीं है।
अवकाश के दिन भी सक्रिय रहे बीएलओ, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
रविवार के अवकाश के दिन भी जिले में गणना प्रपत्र वितरण के लिए बीएलओ मतदाताओं के घर-घर पहुंचे। वहीं, ईआरओ और एईआरओ भी मैपिंग कार्य का निरीक्षण करने के लिए फील्ड में सक्रिय रहे।


उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने कम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ को मिशन मोड में कार्य करते हुए मैपिंग की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। मावली विधानसभा क्षेत्र में ईआरओ रमेश सीरवी ने बूथ नंबर 187, 188, 191 और 192 के मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरण व मैपिंग कार्य का निरीक्षण किया। बड़गांव एईआरओ ने भाग संख्या 72, 75, 88, 114 और 115 के मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र वितरण और मैपिंग की समीक्षा की। गोगुन्दा में निर्वाचन अधिकारियों ने बूथ संख्या 193, 195 और 196 पर वितरण कार्य का निरीक्षण किया।
इसी प्रकार जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ द्वारा गणना प्रपत्र वितरण और मैपिंग कार्य का निरीक्षण किया गया।









