आबकारी विभाग का विशेष अभियान — प्रदेशभर में अवैध मदिरा पर सख्त कार्रवाई, वॉश नष्ट


आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और रेड की प्रभावी कार्यवाही कर अभियोग दर्ज किए गए।
आबकारी आयुक्त श्री नकाते के निर्देशानुसार अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) ओ.पी. जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय पर निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है।


अभियान के तहत अलवर में नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार की तलाशी में 50 लीटर अवैध स्प्रिट, 3200 सील और ढक्कन (एमसीडी आरएस) बरामद किए गए। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अभियोग दर्ज किया गया।
जोधपुर के औसियां आबकारी थाना क्षेत्र में दबिश के दौरान 150 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
नागौर के मेड़ता क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 5 लीटर हथकड़ शराब बरामद करते हुए 200 लीटर वॉश और दो भट्टियां नष्ट की गईं।
प्रतापगढ़ के अंबामाता, गोपालपुरा एवं संवेदनशील क्षेत्र मजेसरिया नाला में दबिश की कार्रवाई के दौरान 2150 लीटर उत्तेजित वॉश सहित तीन भट्टियां नष्ट की गईं, साथ ही 60 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। मौके पर दो अभियोग दर्ज किए गए।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की कार्यवाहियां लगातार जारी हैं।









