उदयपुर के गौरव साहू विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व


रोमानिया के क्लुज नापोका शहर स्थित होटल ग्रांड इटालिया के सभागार में 10 से 16 नवम्बर तक आयोजित होने वाली विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू आज उदयपुर से वोल्वो बस द्वारा मुंबई के लिए रवाना हुए। गौरव कल रात भारतीय दल के अन्य 9 सदस्यों के साथ लुफ्थांसा एयरवेज से मुंबई से रोमानिया के लिए प्रस्थान करेंगे।


यह जानकारी देते हुए राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि रोमानिया रवाना होने से पूर्व आर.के. चोराया स्थित ऋषभ ट्रेवल्स पर गौरव साहू का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें मेवाड़ी और जोधपुरी पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर सम्मानित किया गया, साथ ही खेल प्रेमियों ने पुष्पमालाएं और बुके भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
स्वागत करने वालों में राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, जिला ओलंपिक संघ उदयपुर के सचिव जालमचंद जैन, राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू, राजस्थान राज्य स्ट्रेंथ लिफ्टिंग संघ के सचिव चंद्रेश सोनी, राजस्थान राज्य कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यनारायण मंगरौरा, उदयपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष सुखलाल साहू, जिला तीरंदाजी संघ के सचिव एवं पूर्व जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान, समाजसेवी राकेश कुमावत, राष्ट्रीय खिलाड़ी प्राची सोनी, जयेश कामोया, भाग्यश्री, गौरव की माता सावित्री साहू, जिला कबड्डी संघ के सचिव मुकेश जैन सहित अनेक खिलाड़ी और परिजन उपस्थित थे।
गौरव 59 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 35 देशों के खिलाड़ियों से मुकाबला करेंगे। उनका मैच 10 नवम्बर को दोपहर 4 बजे निर्धारित है। राज्य के पावरलिफ्टिंग खेल के इतिहास में यह पहला अवसर है जब राजस्थान का कोई खिलाड़ी विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेगा।
इससे पूर्व गौरव एशियन जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। सभी पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि गौरव इस प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।









