गांव-गांव दस्तक दे रहे बीएलओ — बने सही मतदाता सूची का हिस्सा

 गांव-गांव दस्तक दे रहे बीएलओ — बने सही मतदाता सूची का हिस्सा

प्रदेश में मंगलवार से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत 199 विधानसभा क्षेत्रों में 52,222 बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य प्रारंभ कर चुके हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि प्रदेश में अंता विधानसभा क्षेत्र को छोड़ते हुए कुल 52,222 बूथों के लिए 5407 सुपरवाइजर भी इनकी सहायतार्थ कार्य कर रहे हैं। 854 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ-साथ एसआईआर गतिविधि के चलते भारत निर्वाचन आयोग से 119 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी नोटिफाइड किया गया है। इस प्रकार अब राज्य में कुल 973 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसआईआर के कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इनके साथ 199 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 41 उप जिला निर्वाचन अधिकारी, 10 अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं 41 जिला निर्वाचन अधिकारी सहित वृहद प्रशासनिक तंत्र सतर्कता के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में जुटा हुआ है, जिससे इस गतिविधि को समयबद्ध रूप से और मतदाताओं की सहूलियत के अनुसार पूरा किया जा सके।

वॉलन्टियर्स एवं हेल्पडेस्क कार्मिक भी जुटे एसआईआर में
मुख्य निर्वाचन अधिकारी महाजन ने बताया कि मतदाताओं की सहायता हेतु बीएलओ के साथ-साथ प्रत्येक बूथ पर वॉलन्टियर्स भी लगाए गए हैं। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका सखी, एएनएम, साक्षरता प्रेरक, ग्राम पंचायत के कार्मिक, एनएसएस और एनसीसी के छात्र-छात्राएं सम्मिलित हैं। इनके लिए आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि ये गणना चरण के दौरान मतदाताओं की मैपिंग करने, बीएलओ विजिट की सूचना देने एवं गणना प्रपत्र भरवाने में सहयोग दे सकें।

राजनैतिक दलों का भी मिल रहा सहयोग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1 एवं बीएलए-2) भी एसआईआर कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रदेश में अब तक भारतीय जनता पार्टी के 47,555, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 51,193, बहुजन समाज पार्टी के 104, सीपीआई(एम) के 675, आम आदमी पार्टी के 91, आरएलपी के 110 और भारत आदिवासी पार्टी के 1,007 एजेंटों सहित कुल 1,00,735 बूथ लेवल एजेंट नियोजित किए जा चुके हैं। इससे आमजन के बीच विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूकता लाने में प्रभावी सहयोग मिल रहा है। निर्वाचन विभाग द्वारा इन एजेंटों का आमुखीकरण कार्यक्रम भी जारी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने राज्य के मतदाताओं से अपील की है कि प्रत्येक योग्य मतदाता 4 दिसंबर तक अपनी नवीनतम रंगीन फोटो एवं आवश्यक सूचनाओं के साथ भरा हुआ गणना प्रपत्र अपने बीएलओ को शीघ्र जमा कराएं। उन्होंने कहा कि यह न केवल स्वच्छ एवं सही मतदाता सूची निर्माण में योगदान होगा, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्य का भी निर्वहन होगा।

Related post