आबकारी विभाग का राज्यव्यापी अभियानअवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, हजारों लीटर वॉश नष्ट


उदयपुर, 29 अक्टूबर। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए नाकाबंदी, गश्त और रेड की प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यवाही करते हुए अनेक अभियोग दर्ज किए गए।
आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओ.पी. जैन और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत ‘जीरो टोलरेंस’ की नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा मुस्तैदी से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।


सिरोही जिले के ग्राम मोरस में वन क्षेत्र स्थित नदी किनारे अवैध रूप से रखी 1500 लीटर वॉश नष्ट की गई तथा दो स्थानों पर चालू भट्टी को नष्ट करते हुए 5 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। हनुमानगढ़ जिले में इंदरगढ़ बगलावाली, शाहपनी मोरजड़ और गुड़िया क्षेत्र में रेड व दबिश कार्रवाई कर अभियोग दर्ज किए गए। इसी क्रम में संगरिया-चौटाला रोड पर सघन नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी ली गई।


बीकानेर में आबकारी निरोधक दल द्वारा रेड की कार्रवाई करते हुए 900 लीटर वॉश नष्ट कर तीन अभियोग दर्ज किए गए। पाली जिले में 2000 लीटर वॉश नष्ट करते हुए 20 प्रकरण दर्ज किए गए। श्रीगंगानगर में गश्त और दबिश कार्रवाई के दौरान आबकारी दल ने 1600 लीटर वॉश और तीन कच्ची भट्टियों को नष्ट किया। लालसोट में 500 लीटर वॉश नष्ट कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में जयपुर, उदयपुर, राजसमंद, अलवर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी सघन नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई।
आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की कार्रवाई लगातार जारी है। समस्त आबकारी निरोधक दल ‘जीरो टोलरेंस’ की नीति के अंतर्गत अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही कर रहे हैं।









