उदयपुर में नन्ही परी 2025: नवयुवतियों के लिए राष्ट्रीय मंच की शुरुआत


उदयपुर, — आगामी 26 अक्टूबर 2025 को डॉ. अनुष्का लॉ कॉलेज, उदयपुर, राजस्थान में KIIT नन्ही परी – लिटिल मिस इंडिया 2025 के स्टेट ऑडिशन (रीजनल राउंड) आयोजित किए जाएंगे।
लिटिल मिस इंडिया 2025 13 से 16 वर्ष की बालिकाओं के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का मंच है, जिसकी कुल इनामी राशि ₹56 लाख निर्धारित की गई है।


अनुष्का ग्रुप के संस्थापक डॉ. एस. एस. सुराणा ने इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि “हमारा दायित्व बनता है कि राजस्थान की प्रतिभावान बेटियों को आगे बढ़ाने का अवसर दें, जिन्हें अब तक अपनी योग्यता प्रदर्शित करने के लिए ऐसा मंच नहीं मिला। यदि हम उन्हें प्रोत्साहन नहीं देंगे, तो वे अपनी प्रतिभा कैसे दिखा पाएंगी?”
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी उन्नति या प्रसिद्धि के लिए कार्य करता है, परंतु समान अवसर दूसरों को भी मिलें — इसी सोच के तहत यह आयोजन किया जा रहा है।
संस्थान की अध्यक्षा श्रीमती कमला सुराणा ने बताया कि “इस मंच को उदयपुर लाने के लिए हमने पूरी निष्ठा से प्रयास किया है। अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने आस-पास, विद्यालयों आदि में मौजूद प्रतिभावान बालिकाओं को इस प्रतियोगिता से अवगत कराएँ। क्या पता हमारा एक कदम उन्हें सफलता की सीढ़ी पर चढ़ा दे और हमारे शहर व मेवाड़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो।”
नन्ही परी 2025 के पोस्टर का विमोचन संस्थान के सचिव श्री राजीव सुराणा, एम. जी. कॉलेज के प्राचार्य श्री दीपक माहेश्वरी, प्रोफेसर श्रीमती अंजू बेनीवाल, श्री कुलदीप सिंह राव, शीतल कोठारी और मिताली जैन की उपस्थिति में किया गया।
KIIT लिटिल मिस इंडिया 2025 का ग्रैंड फिनाले आगामी दिसंबर माह में भुवनेश्वर, उड़ीसा में आयोजित किया जाएगा।









