फॉरेंसिक शिक्षा में मेवाड़ की नई पहल — सोसायटी ने लॉन्च की अपनी वेबसाइट


मेवाड़ फॉरेंसिक मेडिसिन सोसायटी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया
उदयपुर, 16 अक्टूबर। फॉरेंसिक आयुर्विज्ञान के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेवाड़ फॉरेंसिक मेडिसिन सोसायटी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.mewarforensicmedicinesociety.org का शुभारंभ किया है। यह वेबसाइट छात्रों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करती है।
यह शुभारंभ अमेरिकन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के ग्रुप डायरेक्टर श्री आनंद झा, प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. विनय जोशी, मेवाड़ फॉरेंसिक मेडिसिन सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. किशनलाल धानक, महासचिव डॉ. अजीत मालाणी तथा सोसायटी के अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
संस्थापक एवं कोषाध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि मेवाड़ फॉरेंसिक मेडिसिन सोसायटी की यह वेबसाइट हमारे सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसका उद्देश्य फॉरेंसिक विज्ञान की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना है। यह मंच न केवल ज्ञान का आदान-प्रदान करेगा, बल्कि युवा चिकित्सकों और छात्रों को मार्गदर्शन भी प्रदान करेगा।
उन्होंने आगे कहा, मैं सभी सहयोगियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस पहल को साकार करने में योगदान दिया।









