दीपावली पर जगमग हो रही झीलों की नगरी

 दीपावली पर जगमग हो रही झीलों की नगरी

युडीए और नगर निगम की ओर से शहर में विद्युत सज्जा, जिला कलक्टर ने किया सिटी राउंड, लिया जायजा, दिए निर्देश

उदयपुर, 16 अक्टूबर। दीपावली पर्व के अवसर पर झीलों की नगरी उदयपुर रोशनी से जगमगा उठी है। उदयपुर विकास प्राधिकरण (युडीए) और नगर निगम की ओर से शहर के सभी प्रमुख चौराहों, स्थलों, और राजकीय भवनों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है।

जिला कलक्टर नमित मेहता ने गुरूवार रात सिटी राउंड करते हुए विद्युत सज्जा कार्य का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिला कलक्टर श्री मेहता एवं युडीए आयुक्त राहुल जैन कलक्ट्रेट से रवाना होकर चेतक सर्कल होते हुए युडीए पुलिया पहुंचे। पुलिया, चौराहा और आसपास की सजावट का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की। इसके पश्चात फतेहपुरा चौराहा, पुला, शोभागपुरा सर्कल, सुखाड़िया सर्कल आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर विद्युत सज्जा और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों और मार्गों पर छुट रहे डार्क जोन को भी कवर करते हुए लाइटिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि दीपावली के दौरान कोई क्षेत्र अंधेरे में न रहे। उन्होंने कहा कि उदयपुर एक पर्यटन नगरी है, अतः दीपोत्सव के अवसर पर शहर की छटा देखने योग्य होनी चाहिए।

उन्होंने युडीए और नगर निगम अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सजावट कार्य शनिवार तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर यूडीए के अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजीव शर्मा, अधीक्षण अभियंता अनित माथुर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कलक्टर ने व्यापारियों और आमजन से की अपील
जिला कलक्टर नमित मेहता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दीपावली पर्व के अवसर पर युडीए और नगर निगम द्वारा हर संभव बेहतर विद्युत सज्जा कराई जा रही है। उन्होंने व्यापारियों और आमजन से आग्रह किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर यथासंभव सजावट करें, ताकि पूरे शहर की आभा खिल उठे। साथ ही, उन्होंने स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की और सभी से सड़कों व खाली भूखंडों में कचरा न फेंकते हुए शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।


Related post