PMCH में हर्षोल्लास के साथ मनाया ‘वर्ल्ड एनेस्थेसिया डे’


उदयपुर, 16 अक्टूबर। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में आज वर्ल्ड एनेस्थेसिया डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ ने भाग लिया।
इस मौके पर पीएमसीएच के चेयरमैन राहुल अग्रवाल और एनेस्थेसिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश औदिच्य ने केक काटकर सभी उपस्थित चिकित्सकों को एनेस्थेसिया दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।
चेयरमैन राहुल अग्रवाल ने कहा कि एनेस्थेसिया चिकित्सा जगत का एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है, जो सर्जरी को संभव बनाता है। एक सफल सर्जरी के पीछे एनेस्थेटिस्ट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, लेकिन अक्सर यह भूमिका पर्दे के पीछे रह जाती है। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि उनके संस्थान में एक सशक्त और दक्ष एनेस्थेसिया विभाग कार्यरत है।
एनेस्थेसिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश औदिच्य ने कहा कि 16 अक्टूबर 1846 को पहली बार एनेस्थेसिया का सार्वजनिक उपयोग हुआ था, जिसने चिकित्सा इतिहास में नई दिशा दी। इस दिन की स्मृति में ही वर्ल्ड एनेस्थेसिया डे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज निश्चेतना विज्ञान ने इतनी प्रगति कर ली है कि जटिल से जटिल सर्जरी भी बिना दर्द के संभव हो गई है।
डॉ. औदिच्य ने विभाग के सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम वर्क, निरंतर अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के उपयोग से मरीजों को सुरक्षित और कुशल चिकित्सा सेवा प्रदान करना हमारा लक्ष्य है।
इस अवसर पर एनेस्थेसिया विभाग के सभी चिकित्सक, सर्जन और अन्य विभागों के चिकित्सक भी उपस्थित रहे।









