उदयपुर बनेगा पर्यटन मंत्रियों की राष्ट्रीय कांफ्रेंस का केंद्रबिंदु

 उदयपुर बनेगा पर्यटन मंत्रियों की राष्ट्रीय कांफ्रेंस का केंद्रबिंदु

उदयपुर, 10 अक्टूबर।
बड़े स्तर के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए प्रसिद्ध झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर एक राष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी करने जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की दो दिवसीय राष्ट्रीय कांफ्रेंस 14 और 15 अक्टूबर को बड़ी रोड स्थित होटल मेरिएट में आयोजित होगी। इस कांफ्रेंस में कई राज्यों के राज्यपाल, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल, केंद्रीय पर्यटन मंत्री, राज्यों के पर्यटन मंत्री तथा भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। प्रदेश का प्रतिनिधित्व उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।

जिला कलक्टर नमित मेहता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन पर्यटन नगरी की प्रतिष्ठा के अनुरूप भव्य और व्यवस्थित हो। एयरपोर्ट पर आगंतुकों के स्वागत हेतु हेल्प डेस्क और मेडिकल टीम नियुक्त की जाए। साथ ही, एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक सड़क मार्ग को दुरुस्त एवं आकर्षक बनाने के निर्देश यूडीए को दिए गए।

कलक्टर ने कहा कि आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और वीवीआईपी मार्गों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए जाएं। सम्मेलन के अतिथियों के शहर के पर्यटन स्थलों के भ्रमण की संभावना को ध्यान में रखते हुए वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं के लिए पुलिस प्रशासन को पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश भी दिए।

कलक्टर ने कहा कि पूर्ववर्ती आयोजनों से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए यह सम्मेलन भी सफलतापूर्वक संपन्न किया जाए, ताकि आने वाले मेहमान उदयपुर से सुंदर और यादगार अनुभव लेकर जाएं।

बैठक में एडीएम जितेंद्र ओझा और दीपेंद्र सिंह राठौड़, यूडीए आयुक्त राहुल जैन, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, यातायात पुलिस उपाधीक्षक अशोक आंजना, जिला परिषद एसीईओ विरमा राम, निगम अतिरिक्त मुख्य अभियंता मुकेश पुजारी, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, पर्यटन विभाग की संयुक्त निदेशक सुमिता सरोच, उप निदेशक शिखा सक्सेना, कजरी महाप्रबंधक कमलेश वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Related post