महाराणा भूपाल अस्पताल में मॉक ड्रिल, राहत टीमें 5 मिनट में पहुँचीं

 महाराणा भूपाल अस्पताल में मॉक ड्रिल, राहत टीमें 5 मिनट में पहुँचीं

उदयपुर, 09 अक्टूबर। संभाग के सबसे बड़े राजकीय चिकित्सालय महाराणा भूपाल अस्पताल में गुरुवार को जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों का मूल्यांकन करना और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना था।

अभ्यास के तहत सुपर स्पेशियलिटी परिसर में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मात्र 5-7 मिनट में अस्पताल परिसर में पहुंचीं और आग बुझाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान नागरिक सुरक्षा दल, आपदा प्रबंधन टीमें और अस्पताल का स्टाफ मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य का त्वरित संचालन किया गया।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा ने बताया कि इस तरह के अभ्यास प्रशासनिक और चिकित्सा व्यवस्थाओं के बीच तालमेल को मजबूत करते हैं। आगजनी या किसी अन्य आपदा की स्थिति में समय पर प्रतिक्रिया और बचाव कार्य जनहानि रोकने का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने यह भी कहा कि आपदाओं के प्रबंधन में किसी प्रकार की कमी न रहे और अस्पताल में अग्निशमन और अन्य उपकरण मानकों के अनुरूप उपलब्ध हों।

एमबी अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन नियमित रूप से इस प्रकार की मॉक ड्रिल आयोजित करता है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मॉक ड्रिल के दौरान एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह, आएनटी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल सहित अन्य प्रशासनिक और चिकित्सकीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पूरे अभ्यास का अवलोकन किया और तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।


Related post