सड़क सुरक्षा पर सख्त रवैया: फतहपुरा में कैमरा टेस्टिंग, देबारी में शराब दुकान हटाने के आदेश


उदयपुर, 8 अक्टूबर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट के मिनी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर सहित पूरे जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता (शहर) एवं समिति के सदस्य सचिव मुनीमचंद मीना ने पिछली बैठक की कार्यवाही तथा अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की।


फतहपुरा चौराहे पर हाईरेजोल्यूशन कैमरे और सेंसर की टेस्टिंग
देहली गेट पर प्रस्तावित हाईरेजोल्यूशन कैमरा एवं सेंसर सिस्टम को, निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के चलते, फतहपुरा चौराहे पर लगाने के निर्णय पर चर्चा की गई। संबंधित एजेंसी ने परीक्षण के लिए लिखित स्वीकृति की आवश्यकता बताई, जिस पर यूडीए को अनुमति देने के निर्देश जारी किए गए। इस परियोजना के तहत एजेंसी द्वारा फतहपुरा चौराहे पर परीक्षण के रूप में कैमरे और सेंसर लगाए जाएंगे।
देबारी पुलिया के पास शराब की दुकान को स्थानांतरित करने के निर्देश
बैठक में देबारी पुलिया के समीप स्थित शराब की दुकान के कारण हाइवे पर वाहनों के ठहराव से बढ़ रही दुर्घटना की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने आबकारी विभाग को उक्त दुकान को पीछे की ओर शिफ्ट कराने और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एलिवेटेड रोड और अन्य मुद्दों पर चर्चा
सदस्य सचिव मीना ने एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के दौरान मेवाड़ मोटर्स गली के सामने ट्रांसफॉर्मर के पास से गुजरने वाले वाहनों से संभावित हादसों की आशंका जताई। इस पर नगर निगम को ट्रांसफॉर्मर को शीघ्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वाल सिटी क्षेत्र में ग्रीन मोबिलिटी जोन की स्थापना, रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नाइट फूड मार्केट, शहर में नो पार्किंग जोन, पेंसिल डिवाइडर और पार्किंग जोन निर्धारित करने हेतु गठित समिति, साथ ही वेडिंग जोन के सीमांकन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
इसके अलावा शहर और जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
‘गुड सेमेरिटन स्कीम’ के प्रचार पर जोर
दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजना के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चिकित्सा विभाग को सख्त निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखमनराय राठौड़, यातायात उपाधीक्षक अशोक आंजना, यूडीए के अधीक्षण अभियंता अनित माथूर, नगर निगम के अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी, जिला परिवहन अधिकारी नितिनप्रकाश बोहरा, आधार फाउंडेशन के नारायणलाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









