“स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत आकाशवाणी उदयपुर द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन


आकाशवाणी उदयपुर ने गांधी जयंती पर चलाया स्वच्छता अभियान
उदयपुर, 2 अक्टूबर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को आकाशवाणी उदयपुर द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यालय प्रमुख विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण से की गई। इसमें आकाशवाणी उदयपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए पौधारोपण किया। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम है, बल्कि मातृ सम्मान को समर्पित एक भावनात्मक प्रयास भी है।
वृक्षारोपण के पश्चात परिसर में दो घंटे का सामूहिक श्रमदान आयोजित किया गया। इस श्रमदान में सभी अधिकारी और कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इसके अंतर्गत कार्यालय परिसर की सफाई की गई, प्लास्टिक और अन्य कचरे को पृथक किया गया तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए गए।
इस अवसर पर आकाशवाणी उदयपुर के निदेशक रवीन्द्र डूंगरवाल ने कहा कि आकाशवाणी उदयपुर निरंतर सामाजिक और पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से संस्था समाज को जागरूक करने का प्रयास आगे भी करती रहेगी।









