नई दिशा की ओर: उदयपुर में 27-28 सितंबर को ‘स्पर्म: द साइलेंट हाफ’ आईएसएआर मास्टरक्लास 2025, पुरुष इनफर्टिलिटी पर विशेषज्ञ करेंगे विचार-विमर्श

 नई दिशा की ओर: उदयपुर में 27-28 सितंबर को ‘स्पर्म: द साइलेंट हाफ’ आईएसएआर मास्टरक्लास 2025, पुरुष इनफर्टिलिटी पर विशेषज्ञ करेंगे विचार-विमर्श

उदयपुर, 25 सितम्बर। इंडियन सोसाइटी फॉर असिस्टेड रिप्रोडक्शन (आईएसएआर) एवं पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से ‘स्पर्म: द साइलेंट हाफ’ विषय पर दो दिवसीय मास्टरक्लास का आयोजन 27 और 28 सितंबर 2025 को लाभगढ़ पैलेस रिसॉर्ट एंड स्पा में किया जा रहा है।

इस मास्टरक्लास का उद्देश्य पुरुष प्रजनन स्वास्थ्य, विशेष रूप से स्पर्म से संबंधित नए शोध और चिकित्सकीय पहलुओं पर चर्चा करना है। इसमें प्रजनन विज्ञान (एंब्रियोलॉजी) और क्लिनिकल विशेषज्ञों द्वारा पुरुष इनफर्टिलिटी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्याख्यान और पैनल चर्चाएँ आयोजित की जाएंगी।

पेसिफिक आईवीएफ की डायरेक्टर एवं मास्टरक्लास की आयोजक डॉ. मनीषा वाजपेयी ने बताया कि इस मास्टरक्लास में इंडियन सोसाइटी फॉर असिस्टेड रिप्रोडक्शन के अध्यक्ष डॉ. अमित पटकी, सचिव डॉ. आशा बक्शी, एंब्रियोलॉजी चेयर डॉ. चारुदत्त जोशी सहित 45 से अधिक विशेषज्ञ अपने अनुभवों और शोधों को साझा करेंगे। वे विभिन्न समकालीन विषयों जैसे स्पर्म क्रायोप्रिजर्वेशन, स्पर्म चयन, ओलिगोजोस्पर्मिया, अनएक्सप्लेंड इनफर्टिलिटी और पुरुष इनफर्टिलिटी के उपचार के नवीनतम तरीकों पर चर्चा करेंगे।

डॉ. वाजपेयी ने बताया कि यह कार्यक्रम चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा, जहाँ वे एक-दूसरे से ज्ञान का आदान-प्रदान कर सकेंगे और प्रजनन चिकित्सा के क्षेत्र में नवीनतम प्रगति पर विचार-विमर्श कर सकेंगे। इस सम्मेलन में देश-विदेश के जाने-माने विशेषज्ञ भाग लेंगे। यह एक अद्वितीय अवसर होगा, जहाँ प्रजनन से जुड़े हर पहलू को विस्तार से समझा जा सकेगा।

गौरतलब है कि इंडियन सोसाइटी फॉर असिस्टेड रिप्रोडक्शन (आईएसएआर) की विशेषज्ञ समिति ने भारत में सहायक प्रजनन तकनीकों (एआरटी) के क्षेत्र में नीति निर्माण और मानकीकरण की दिशा में अपनी भूमिका को मजबूती से स्थापित किया है। संगठन ने न केवल व्यावसायिक दिशा-निर्देशों का विकास और प्रसार किया है, बल्कि एआरटी से जुड़ी नैतिक और सुरक्षित प्रथाओं की भी पुरजोर वकालत की है।

Related post