उदयपुर में 12वीं अंतर्संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज


8 टीमों के 800 से अधिक खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
झीलों की नगरी उदयपुर के महाराणा प्रताप खेलगांव में गुरुवार से 12वीं अंतर्संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया और खिलाड़ियों को खेल भावना व अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।


महाराणा प्रताप खेलगांव स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में आयुक्त उपनिवेशन नवनीतकुमार, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सीआर देवासी, एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान गितेशश्री मालवीया, समाजसेवी गजपालसिंह, चंद्रगुप्त सिंह चौहान, प्रदीप रवानी, जया मीणा सहित कई अधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
प्रारंभ में जिला कलक्टर श्री मेहता ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा करने के साथ ही खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। जिला कलक्टर ने सभी संभागों से आई टीमों के प्रभारियों से परिचय प्राप्त कर खेलों के लिए शुभकामनाएं दी। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता को खेल प्रतिभा और आपसी समन्वय को बढ़ाने वाला मंच बताया। जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल, सचिवालय खेल प्रभारी मालती चौधरी, जिला कलक्टर कार्यालय से खेल प्रभारी सुरेंद्रसिंह चुण्डावत आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।


जिला खेल अधिकारी डॉ पालीवाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के सातों संभागों के साथ जयपुर मुख्यालय की टीम सहित कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं। इसमें तकरीबन 800 से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के अंतर्गत टेबल टेनिस, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन और कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। अंत में आभार एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने व्यक्त किया।
खिलाड़ियों ने मैदान में दिखाई प्रतिभा
सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता में पहले दिन रोमांच मुकाबले हुए। इसमें खिलाड़ियों ने मैदान में दमखम दिखाया।
जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल ने बताया कि गुरूवार को खेले गए बॉस्केटबॉल मैचों में जयपुर ने जोधपुर, बीकानेर ने जयपुर मुख्यालय, उदयपुर ने अजमेर, कोटा ने भरतपुर तथा उदयपुर संभाग ने भरतपुर को हराया।
क्रिकेट में जयपुर मुख्यालय ने उदयपुर को 32 रन से हराया। इसी प्रकार जयपुर संभाग ने भरतपुर को 9 विकेट, बीकानेर ने भरतपुर को 45 रन, अजमेर ने जयपुर मुख्यालय को 8 विकेट, जोधपुर ने जयपुर संभाग को 4 विकेट, उदयपुर ने कोटा को 8 विकेट तथा कोटा ने अजमेर को 108 रनों से पराजित किया।
टेबल टेनिस महिला वर्ग में उदयपुर ने जयपुर, जयपुर ने जोधपुर, उदयपुर ने बीकानेर व बीकानेर ने जोधपुर को हराया। टेबल टेनिस पुरूष वर्ग में बीकानेर ने जयपुर मुख्यालय, जयपुर संभाग ने भरतपुर, बीकानेर ने जयपुर संभाग, भरतपुर ने जयपुर संभाग को पराजित किया। कोटा ने अजमेर, जोधपुर ने जयपुर और अजमेर को मात दी।
वॉलीबाल पुरूष वर्ग में बीकानेर ने उदयपुर, जोधपुर ने जयपुर मुख्यालय, उदयपुर ने जयपुर मुख्यालय, अजमेर ने कोटा, जयपुर ने भरतपुर तथा अजमेर ने जयपुर संभाग को पराजित किया।
कबड्डी महिला वर्ग में अजमेर ने बीकानेर, जयपुर मुख्यालय ने भरतपुर, जयपुर संभाग ने उदयपुर को हराया। जोधपुर टीम के नहीं आने पर कोटा को लीग मैच में विजयी घोषित किया गया। वहीं पुरूष वर्ग में भरतपुर ने उदयपुर को हराया।









