उदयपुर दौरे पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने लम्बित प्रश्नों के निस्तारण पर जोर दिया


राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी शनिवार दोपहर 1 बजे वायुयान द्वारा उदयपुर पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रम के अनुसार वे आरएनटी सभागार में आयोजित बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम सर्किट हाउस उदयपुर में रहेगा और रविवार दोपहर 2 बजे वे अजमेर के लिए प्रस्थान करेंगे।
इससे पहले देवनानी ने विधानसभा में लम्बित प्रश्नों, ध्यानाकर्षण और विशेष उल्लेख प्रस्तावों के निस्तारण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 जनवरी तक सभी लम्बित प्रश्नों के उत्तर भेजे जाएँ, ताकि आगामी बजट सत्र में “जीरो पेंडेंसी” वाली आदर्श विधानसभा बन सके।
देवनानी ने कहा कि राज्य विधानसभा प्रदेश की आठ करोड़ जनता की समस्याओं का सशक्त मंच है और सभी विभागों को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप समय पर जवाब देने की जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रश्नकाल और चर्चा के दौरान वे पूरी तरह दीर्घा में उपस्थित रहें और भविष्य में ऐसी बैठकें दोबारा न बुलानी पड़े, इसके लिए युद्ध स्तर पर कार्य करें।
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने आश्वासन दिया कि सभी विभाग विधान सभा अध्यक्ष के निर्देशानुसार लम्बित प्रश्नों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। बैठक में सोलहवीं एवं पंद्रहवीं विधानसभा के लम्बित प्रकरणों की विभागवार स्थिति भी प्रस्तुत की गई।
देवनानी ने अधिकारियों को विशेष शिविर लगाकर प्राथमिकता से लम्बित प्रश्नों का निस्तारण करने और सभी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और विधायिका को टीम भावना से काम करना चाहिए ताकि जनता की समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।




