उदयपुर में 15 नवंबर को रंग और उत्साह के साथ मनाया जाएगा घूमर महोत्सव 2025


उदयपुर, 7 अक्टूबर। राज्य सरकार की पहल पर 15 नवंबर को राज्य के सातों संभागीय मुख्यालयों पर घूमर महोत्सव 2025 का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में राज्य की पारंपरिक शाही धरोहर, घूमर नृत्य को नए उत्साह और रंगत के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
उदयपुर में घूमर महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन एवं एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट मिनी सभागार में बैठक हुई। प्रारंभ में संयुक्त निदेशक, पर्यटन सुश्री सुमिता सरोच ने कार्यक्रम की रूप रेखा प्रस्तुत की। बैठक में प्रतिभागियों की संख्या अधिक होने की संभावना को देखते हुए उदयपुर संभाग में महोत्सव आयोजन स्थल गांधी ग्राउण्ड में करने का निर्णय लिया गया।
15 नवंबर, 2025 को गांधी ग्राउण्ड में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए भंडारी दर्शक मंडप में आयोजित होने वाली वर्कशॉप में दो सुरक्षा कर्मी तैनात करने के निर्देश उपस्थिति उप अधीक्षक यातायात पुलिस को दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कॉलेज शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु अपने क्षेत्राधिकार के स्कूल एवं कॉलेजों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। महोत्सव के मुख्य आयोजन के लिए टेंट, स्टेज, साउंड, लाइट आदि की व्यवस्था करने हेतु उदयपुर विकास प्राधिकरण/नगर निगम से पर्यटन विभाग द्वारा निवेदन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पीने के पानी और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था नगर निगम के माध्यम से करवाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।
राजीविका के प्रतिनिधि और राजीविका उत्पाद जनजातीय क्षेत्रीय विभाग को जनजातीय हस्तशिल्प की स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए। मुख्य कार्यक्रम दिवस पर फूड स्टॉल्स तथा अन्य विभागों के उत्पादों के स्टॉल्स की व्यवस्था नगर निगम द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम स्थल चार दिन पूर्व से निःशुल्क उपलब्ध करवाने तथा स्थल और आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव में भागीदारी बढ़ाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार के अंतर्गत QR कोड बनवाया जाए, जिसमें फेस्टिवल से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध हो। संभाग के अन्य जिलों से भी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
बैठक में उप अधीक्षक यातायात अशोक आंजना, उपायुक्त जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग श्रीमती रागिनी डामोर, उपनिदेशक पर्यटन सुश्री शिखा सक्सेना, डॉ. कैलाश शर्मा, डॉ. सतीश कुमार आचार्य, दशरथ सिंह चुंडावत, ललित कुमार बनुकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









