9 अक्टूबर से शुरू होगा उदयपुर दीपावली मेला


- दीपावली मेला 15 दिनों तक जारी रहेगा।
- 11 और 12 अक्टूबर को स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।
- 4 दिन तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित।
- मेले में हर दिन अलग-अलग मनोरंजक प्रस्तुतियां होंगी।
उदयपुर, 8 अक्टूबर 2025। नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित दीपावली मेले का शुभारंभ 9 अक्टूबर, गुरुवार शाम 7:15 बजे शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधिगण और अधिकारीगण की मुख्य सानिध्य में किया जाएगा। यह मेला 15 दिवसीय होगा, जिसमें 9 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक दुकानों और झूलों का संचालन किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि 11 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पहले दो दिन (11 और 12 अक्टूबर) स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। 13 अक्टूबर को स्वर और विरासत कार्यक्रम के तहत इंडियन ऑषियन बैंड और मांगणियार चिल्ड्रन ग्रुप विरासत संस्था द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। 14 अक्टूबर को प्रसिद्ध कलाकार सचेत टंडन और परंपरा ठाकुर रंग, रोशनी और राग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 15 अक्टूबर को भक्ति वन्दना कार्यक्रम के अंतर्गत लखबीर सिंह लक्खा और स्वाति मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे। 16 अक्टूबर को इस वर्ष पहली बार महाआरती का आयोजन रखा गया है, जो शहरवासियों के लिए नया अनुभव होगा।


आयुक्त ने बताया कि मेले में दुकानों और झूलों से निगम को कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपए की आय हुई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों के चयन में विशेष ध्यान रखा गया है और प्रत्येक सांस्कृतिक संध्या के लिए अतिथियों का चयन कर लिया गया है।
नगर निगम ने आयोजन के सफल संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। सांस्कृतिक संध्या के लिए विशाल मंच तैयार किया गया है, जिसमें प्रेस दीर्घा, वीआईपी दीर्घा, दर्शक दीर्घा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कवरेज के लिए मचान भी बनाए गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेरीकेट्स पर जालियां लगाई गई हैं, जिससे कोई बाधा उत्पन्न न हो। दुकानों को इस तरह व्यवस्थित किया गया है कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दीपावली मेला 2025 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी के लिए निमंत्रण पत्र छपवाए गए हैं, जिनमें कार्यक्रमों की सूची शामिल है। इससे हर वर्ग का दर्शक अपने पसंदीदा कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन का पूर्ण आनंद ले सकेगा। नित्य प्रतिदिन सफाई के लिए अलग से टीम तैनात की गई है और पूरे प्रांगण में कचरा पात्र रखे गए हैं। आपातकालीन स्थिति के लिए फायर बिग्रेड के मार्ग को विशेष रूप से व्यवस्थित किया गया है।
नगर निगम प्रांगण में जगह-जगह प्रोजेक्टर लगाए गए हैं, जिन पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से आयोजन की विभिन्न गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। मंच पर प्रतिदिन कार्यक्रम अनुरूप डेकोरेशन किया जाएगा। आमजन की सुविधा के लिए निगम प्रांगण के सामने झूले, दक्षिण और पीछे के ग्राउंड में खाने-पीने और विभिन्न उत्पादों की दुकानें लगवाई गई हैं। आयोजन स्थल पर विशेष आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है, जिसमें सीरिज बल्ब, ट्यूब लाइट और एलईडी लाइट शामिल हैं। इसके अलावा जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है ताकि शहरवासियों को कोई असुविधा न हो।
समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से शहरवासियों को आयोजन की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। पार्किंग की सुविधा टाउनहॉल स्थित पार्किंग, श्रमजीवी कॉलेज, आर.सी.ए लिंक रोड और कस्तुरबा मातृ मंदिर में निशुल्क उपलब्ध करवाई गई है।


आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खरीदारी हेतु आने वाले शहरवासियों के लिए पेयजल की सुचारू व्यवस्था की गई है। आपातकालीन स्थिति के लिए चिकित्सा विभाग की एम्बुलेंस भी समारोह स्थल पर उपलब्ध रहेगी। आयोजन की निगरानी और नियंत्रण के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो पूरे आयोजन अवधि में कार्य करेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर पुलिस, सुरक्षा गार्ड और होमगार्ड तय स्थानों पर तैनात रहेंगे। महिला गार्ड और महिला पुलिस भी उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा, दीपावली मेला 2025 आयोजन के लिए दुर्घटना बीमा भी करवाया गया है।









