उदयपुर के युवा चित्रकार दिलीप डामोर की कलाकृतियाँ ‘द आर्ट ऑफ इंडिया’ प्रदर्शनी में शामिल


इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ प्रदर्शित हुईं कृतियाँ
उदयपुर के नयागांव, खेरवाड़ा निवासी युवा चित्रकार दिलीप डामोर की कलाकृतियों को राष्ट्रीय मंच पर बड़ी पहचान मिली है। नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित इंडिया हैबिटेट सेंटर में ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ द्वारा स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के सहयोग से आयोजित ‘द आर्ट ऑफ इंडिया’ कला प्रदर्शनी में उनकी कृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी का विषय “जादुई परिदृश्यों में रोमांच” रखा गया है।
यह प्रदर्शनी 10 से 18 जनवरी तक आयोजित हो रही है, जबकि इसका भव्य उद्घाटन 9 जनवरी को हुआ। उद्घाटन समारोह में क्यूरेटर डॉ. अल्का पांडे, डिप्लोमैट संजय वर्मा, मुख्य अतिथि अभिषेक मनु सिंघवी, नीदरलैंड की भारत, नेपाल व भूटान में राजदूत महामहिम मारिसा गेरार्ड्स, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बोर्ड सदस्य तनुज कपिलाश्रमी और सीईओ इंडिया एवं दक्षिण एशिया पी.डी. सिंह उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर के दृश्य कला विभाग के शोधार्थी दिलीप डामोर की “प्रकृति ध्यान (नेचर मेडिटेशन)” श्रृंखला की दो पेन ड्रॉइंग कृतियाँ शामिल की गई हैं। अरावली की गोद और ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुँचना दिलीप के लिए वर्षों की साधना और धैर्य का परिणाम माना जा रहा है।
प्रदर्शनी में उदयपुर के वरिष्ठ चित्रकार शैल चोयल, अब्बास बाटलीवाला तथा युवा चित्रकार आर. (राकेश) विजयवर्गीय की ‘मून नाइट’ श्रृंखला भी प्रदर्शित की गई है। इसके साथ ही एम.एफ. हुसैन, एस.एच. रज़ा, के.जी. सुब्रमण्यम, जेमिनी रॉय, के. लक्ष्मा गोड और जोगेन चौधरी जैसे देश के महान कलाकारों की कृतियाँ भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
18 जनवरी तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में कलाकृतियों की नीलामी भी की जा रही है। इसके बाद यह प्रदर्शनी राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर और फिर नेहरू आर्ट सेंटर, मुंबई में आयोजित की जाएगी।









