डोडा सड़क हादसे में शहीद 10 जवानों को उदयपुर के सूरजपोल चौराहे पर श्रद्धांजलि


गणतंत्र दिवस से ठीक पहले जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद हुए 10 वीर जवानों को शुक्रवार को उदयपुर के सूरजपोल चौराहे पर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम का नेतृत्व युवा समाजसेवी धनंजय सिंह धाभाई ने किया, जिनकी पहल पर बड़ी संख्या में युवा देश के अमर शहीदों को नमन करने पहुंचे।
गौरतलब है कि गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना की एक गाड़ी गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें 10 जवान देश सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।
इस घटना से व्यथित होकर धनंजय सिंह धाभाई के आह्वान पर सूरजपोल चौराहे पर युवाओं ने एकत्रित होकर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान माहौल पूरी तरह देशभक्ति और सम्मान से ओतप्रोत रहा।
धनंजय सिंह धाभाई ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “शहीद जवानों का बलिदान हर देशवासी के लिए प्रेरणा है। हम सभी का कर्तव्य है कि उनके सपनों का भारत बनाएं और राष्ट्र की एकता व सुरक्षा के लिए सदैव सजग रहें।”
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सिद्धार्थ सोनी, भाजपा आईटी सेल के मोहित सनाढय, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मनोज साहू, जितेश राजदहिया, सिद्धार्थ राठौड़, छात्र नेता अनुज शर्मा, अक्षय सोलंकी, राज कुमावत सहित कई युवा मौजूद रहे।









