प्रबंधन संकाय के साहित्यिक क्लब द्वारा ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ पर विशेष सत्र का आयोजन

 प्रबंधन संकाय के साहित्यिक क्लब द्वारा ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ पर विशेष सत्र का आयोजन

पेसिफिक एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च विश्वविद्यालय के प्रबंधन संकाय के साहित्यिक क्लब द्वारा 6 अक्टूबर 2025 को एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र भारत सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजना ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ पर आधारित था और विशेष रूप से एमबीए छात्रों के लिए आयोजित किया गया।

इस ज्ञानवर्धक सत्र के मुख्य वक्ता श्री अजय कुमार यादव (पीएफ आयुक्त) एवं श्री प्रेम चंद देशंत्री (प्रवर्तन अधिकारी, पीएफ विभाग) रहे। उन्होंने योजना की मूल अवधारणा, उद्देश्य, लाभ और इसके व्यावहारिक पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सत्र के दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यह योजना युवाओं को संगठित क्षेत्र में अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और श्रमिक वर्ग को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया जा सकेगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह योजना आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल है।

उन्होंने छात्रों को समझाया कि भविष्य के प्रबंधक के रूप में वे इस योजना को अपने संगठनों में किस प्रकार लागू कर सकते हैं और कर्मचारियों को इसका लाभ कैसे दिला सकते हैं। सत्र के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजना से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने सभी सवालों के सटीक और व्यवहारिक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

साहित्यिक क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए प्रबंधन संकाय के डीन प्रो. दीपिन माथुर ने कहा कि इस प्रकार के सत्र छात्रों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पीएफ विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसी जानकारीपूर्ण गतिविधियों को जारी रखने की बात कही। सत्र का संचालन साहित्यिक क्लब के समन्वयक डॉ. नरेंद्र सिंह चावड़ा द्वारा किया गया।

Related post