सीबीएसई वेस्ट ज़ोन में श्री राम स्केटिंग क्लब का दबदबा, जीते 10 पदक


उदयपुर। जयपुर में आयोजित सीबीएसई वेस्ट ज़ोन रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में श्री राम स्केटिंग क्लब, उदयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीतकर क्लब और शहर का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 5 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक अपने नाम किए। क्लब की सचिव कृष्णा कंवर ने बताया कि समिधा ने 500 मीटर और 1000 मीटर में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं सिद्धार्थ ने 1000 मीटर, वृन्दा ने 300 मीटर तथा दिव्य प्रताप ने 300 मीटर में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
इसी प्रकार छवि ने 300 मीटर में रजत एवं 1 लैप में कांस्य, युगपाल सिंह ने 300 मीटर में रजत पदक, जबकि देवयानी और मोनीश ने 1-1 लैप में कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों के उदयपुर लौटने पर श्री राम स्केटिंग क्लब के संस्थापक मनजीत सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर क्लब के कोच पुष्पेंद्र सिंह एवं जगत प्रताप सिंह का भी सम्मान किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों ने खुशी जताते हुए सभी पदक विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित प्रशिक्षण के चलते क्लब लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।









