स्वच्छता सप्ताह से होगा राजस्थान स्थापना दिवस कार्यक्रमों का आगाज


मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर अब राजस्थान स्थापना दिवस चैत्र प्रतिपदा तिथि पर मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उदयपुर में 14 से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान दिवस सप्ताह की शुरुआत 14 मार्च को स्वच्छता सप्ताह के शुभारंभ के साथ होगी।
झीलों की नगरी उदयपुर में राजस्थान दिवस कार्यक्रमों को लेकर जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशन में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन की उपस्थिति में स्वच्छता सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 15 मार्च को ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन होगा। जिला प्रशासन और उदयपुर विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस मैराथन में अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, युवा, एनएसएस तथा स्काउट-गाइड के सदस्य भाग लेंगे। मैराथन फतहसागर की पाल स्थित टाया पैलेस से शुरू होकर नीलकंठ महादेव मंदिर होते हुए यूडीए परिसर में समाप्त होगी। इसी दिन डिजिटल क्विज तथा कॉलेजों में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही टाउन हॉल में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ मेले का भी शुभारंभ होगा।
16 मार्च को ‘राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद, विकास कार्यों के शिलान्यास तथा जनजातीय कला प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। बेणेश्वर धाम पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में प्रस्तावित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
17 मार्च को ‘युवा शक्ति और उद्योग संवाद’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें रोजगार मेला, स्टार्टअप चर्चा और उद्योगपतियों के साथ संवाद शामिल रहेगा। इस दौरान निजी क्षेत्र में चयनित युवाओं को रोजगार पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
18 मार्च को किसानों और पशुपालकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। शाम को मांझी का घाट, जगदीश मंदिर सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
19 मार्च को राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह और सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। मुख्य समारोह में लाभार्थियों से संवाद और विभिन्न योजनाओं के लाभों का हस्तांतरण किया जाएगा। शाम को भारतीय लोक कला मंडल में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी तथा शहर के प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
इस संबंध में उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता यूडीए अध्यक्ष राहुल जैन ने की। बैठक में ‘विकसित राजस्थान रन’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मैराथन मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
बैठक में 16 से 19 मार्च तक टाउन हॉल में लाइव प्रसारण की व्यवस्था, 18 मार्च को मांझी का घाट पर संध्या आरती के आयोजन तथा 19 मार्च को लोक कला मंडल में प्रस्तावित सांस्कृतिक संध्या की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, बड़गांव उपखंड अधिकारी लतिका पालीवाल, नगर निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









