एलआईसी कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल: उदयपुर में जोरदार प्रदर्शन


सरकारी नीतियों के विरोध और अपनी लंबित मांगों को लेकर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के कर्मचारियों ने 12 फरवरी 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की। AIIEA और NZIEA के संयुक्त आह्वान पर हुए इस आंदोलन का उदयपुर में व्यापक असर देखने को मिला, जहां कर्मचारियों ने दिल्लीगेट पर एकत्र होकर रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
NZIEA के मंडल सचिव अनूप जैन ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में क्लास-3 श्रेणी में असिस्टेंट पदों पर शीघ्र नई भर्ती, नए श्रम कानूनों में प्रस्तावित कार्य घंटों की वृद्धि का विरोध तथा उन्हें वापस लेने की मांग शामिल है। इसके अलावा एलआईसी में सरकार द्वारा प्रस्तावित 6 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के निर्णय का विरोध करते हुए इसे सार्वजनिक क्षेत्र की संस्था के हितों के खिलाफ बताया गया। कर्मचारियों ने सभी के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की भी मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि एलआईसी और बैंकों के निजीकरण की दिशा में बढ़ते कदमों के विरोध से भी जुड़ा है। कर्मचारियों ने इसे अपने अस्तित्व और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विषय बताते हुए सरकार से इन निर्णयों पर पुनर्विचार करने की मांग की।
उदयपुर में सभी कर्मचारी दिल्लीगेट पर एकत्र हुए, जहां से अध्यक्ष महेश बदलानी और मंडल सचिव अनूप जैन के नेतृत्व में रैली निकाली गई। रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष महेश बदलानी, हेमंत सिसोदिया, दिनेश भारती, देवेंद्र सिंह सुवावत, सत्यनारायण शर्मा और वरुण मेहता सहित अन्य वक्ताओं ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए आंदोलन की आवश्यकता और मांगों के औचित्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मंडलीय समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भी भाग लेकर आंदोलन को समर्थन दिया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।




