कोटड़ा में खेतों से जब्त किए 239.6 किलो हरे गांजे के पौधे, मुख्य अभियुक्त फरार


कोटड़ा पुलिस एवं डीएसटी द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए क्षेत्र में अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 239.600 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और वृताधिकारी (कोटड़ा) राजेंद्र सिंह के सुपरविजन में थाना अधिकारी मूंगलाराम, थाना कोटड़ा की टीम और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर गांव डुंगरिया में रूमाल पिता भमरू निवासी डुंगरिया द्वारा अपने खेत में अवैध गांजे की खेती की जा रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गांजे के पौधों को जब्त किया। अभियुक्त रूमाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस मामले में थाना कोटड़ा में प्रकरण संख्या 167/25 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इसी क्षेत्र में नारायण पिता हामीरा निवासी डुंगरिया द्वारा भी करीब दो बीघा भूमि में अवैध गांजे की खेती की जा रही थी। इस संबंध में भी कार्रवाई जारी है।









