कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम : तृतीय दिवस रहा ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक अनुभवों से भरपूर

 कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम : तृतीय दिवस रहा ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक अनुभवों से भरपूर

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा गृह मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम” के तृतीय दिवस पर प्रतिभागियों ने उदयपुर की ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का समृद्ध अनुभव प्राप्त किया।

दिन की शुरुआत उदयपुर की प्रसिद्ध सहेलियों की बाड़ी के भ्रमण से हुई, जहाँ प्रतिभागियों ने प्राकृतिक सौंदर्य एवं ऐतिहासिक महत्व को नजदीक से देखा तथा मेवाड़ की समृद्ध विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात प्रतिभागियों को महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) के महाविद्यालय का भ्रमण कराया गया।

यहाँ प्रोफेसर विक्रमादित्य डेव द्वारा एक ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने कृषि, नवाचार एवं आधुनिक तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। दोपहर भोजन के पश्चात प्रतिभागियों ने सिटी पैलेस उदयपुर का भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, राजसी स्थापत्य कला एवं परंपराओं को करीब से जाना। इसके उपरांत लोक धरोहर उदयपुर में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया गया। राजस्थान की लोक संस्कृति, नृत्य एवं संगीत की मनमोहक झलक ने सभी प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जिला युवा अधिकारी शुभम पुरबिया ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण एवं शैक्षणिक गतिविधियाँ युवाओं को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ आपसी समझ, एकता एवं भाईचारे को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Related post