संस्कारों का उत्सव: लेकसिटी में 5 जनवरी से शुरू होगा 5 देशों का सांस्कृतिक मिलन


जाति, धर्म एवं ऊँच-नीच जैसे सभी भेदभाव को समाप्त कर भारत सहित विभिन्न देशों से आए बच्चों में नेतृत्व, अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने तथा संस्कृति के आदान-प्रदान के उद्देश्य से हर आर्ट ग्लोबल वेलनेस फाउंडेशन एवं सनराइज ग्रुप ऑफ कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान तथा रोटरी क्लब ऑफ मीरा के कार्यक्रम रोटरी यूथ लीडरशिप अवार्ड (रायला) के सहयोग से वन वर्ल्ड-इंटरनेशनल 2026 का आयोजन 5 जनवरी से 10 जनवरी तक उदयपुर में किया जा रहा है।
हर आर्ट की फाउंडर ललिता स्वामी ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में मलेशिया, श्रीलंका, नेपाल और मॉरीशियस सहित भारत के विभिन्न शहरों के कुल 135 बच्चे भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त राजस्थान और उदयपुर के लगभग 400 बच्चों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना तथा उन्हें विश्व शांति एवं सकारात्मक परिवर्तन के लिए एकजुट करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 5 जनवरी को गीतांजलि मेडिकल कॉलेज के सभागार में होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत आमंत्रित हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रज्ञा मेहता, इस्कॉन के श्री महात्मा दास, आईआरएएस जैगम अली खान, संतुलन दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की प्रमुख साध्वी दीपिका तथा राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया शामिल होंगे।
ललिता स्वामी के अनुसार पाँच दिवसीय इस आयोजन में कला, नाट्य, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं एवं विविध सृजनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व विकास की सशक्त आधारशिला रखी जाएगी। कार्यक्रम की थीम वन वर्ल्ड समावेशन, समानता और वैश्विक एकता का संदेश देती है।
सनराइज ग्रुप ऑफ कॉलेज के संस्थापक हरीश राजानी ने बताया कि यह आयोजन विभिन्न देशों और संस्कृतियों के बच्चों के बीच संवाद एवं रचनात्मक सहभागिता का अनूठा मंच होगा। देश-विदेश के बच्चों को उदयपुर की संस्कृति और स्वाभिमान से परिचित कराना गर्व की बात है।
रोटरी क्लब उदयपुर मीरा की अध्यक्षा डॉ. रेखा सोनी ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील वैश्विक नागरिक बनने की प्रेरणा देगा।
रायला निदेशक डॉ. हर्षा कुमार एवं रोटरी क्लब उदयपुर मीरा की ट्रेनर विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि आयोजन के दौरान कला प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। सचिव कविता बलदेवा ने बताया कि उदयपुर सहित विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के विद्यार्थी इसमें सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं।









