भारत की हेयर एंड ब्यूटी इंडस्ट्री को वैश्विक पहचान दिलाने के संकल्प के साथ हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया का अधिवेशन मंथन संपन्न

 भारत की हेयर एंड ब्यूटी इंडस्ट्री को वैश्विक पहचान दिलाने के संकल्प के साथ हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया का अधिवेशन मंथन संपन्न

भारत की हेयर एंड ब्यूटी इंडस्ट्री को वैश्विक ताकत बनाने के संकल्प के साथ हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया का पहला राष्ट्रीय अधिवेशन ‘मंथन’ बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन में इंडस्ट्री की एकता को मजबूती देने, तेजी से आ रहे नवाचारों को अपनाने तथा ग्राहकों को नुकसान पहुंचाने वाले उत्पादों से बचाव को लेकर हेयर एंड ब्यूटी क्षेत्र से जुड़े लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।

हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल ने बताया कि अधिवेशन में भाग लेने के लिए देश के 15 राज्यों से करीब 250 प्रतिनिधि उदयपुर पहुंचे। ये प्रतिनिधि विभिन्न राज्यों की एसोसिएशनों के पदाधिकारी हैं। सुबह उद्घाटन सत्र के बाद विभिन्न मुद्दों पर चर्चा शुरू हुई, जो देर रात तक चली। इस दौरान एक भव्य फैशन शो का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों की 15 मॉडल्स ने हिस्सा लिया।

अधिवेशन में प्रतिनिधियों ने कहा कि भारत की हेयर एंड ब्यूटी इंडस्ट्री वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान रखती है। देश में ऐसे भी आर्टिस्ट हैं, जो एक से डेढ़ लाख रुपये तक एक कटिंग की फीस लेते हैं। ब्यूटी प्रोडक्ट्स की कई नामी कंपनियां भी भारत में मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद इंडस्ट्री को वह पहचान नहीं मिल पाई, जिसकी वह हकदार है। प्रतिनिधियों ने इसका मुख्य कारण इंडस्ट्री का असंगठित होना बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से जुड़े निर्णय सरकारें अपने स्तर पर ले लेती हैं, लेकिन उनका विरोध या पक्ष रखने वाला कोई संगठित मंच नहीं होता। प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि इस इंडस्ट्री में पीपल, प्रोडक्ट और टूल्स का अहम स्थान है, इसलिए हर हेयर और ब्यूटी आर्टिस्ट को इन पहलुओं पर गंभीरता से विचार करना होगा।

अधिवेशन के दोपहर सत्र के बाद प्रतिनिधियों और विभिन्न ब्रांड कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद भी हुआ। इसमें शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले उत्पादों को लेकर सबसे अधिक चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर मजबूती हासिल करने के लिए सबसे पहले गुणवत्ता युक्त उत्पादों के निर्माण और बिक्री पर ध्यान देना होगा, साथ ही बाजार में आने वाले नकली उत्पादों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर सतर्क रहना आवश्यक है।

हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय टक्के ने बताया कि अधिवेशन में केश कला बोर्ड के गठन, नकली उत्पादों के खिलाफ जागरूकता, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रमुख आर्टिस्ट हरीश भाटिया, सावियो जॉन परेरा, श्याम भाटिया, नीता पारेख, विपिन दबास सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने अपने विचार साझा किए।

अधिवेशन में इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, शिक्षा, केमिकल युक्त कॉस्मेटिक से बचाव को लेकर जागरूकता, पेशे से जुड़े लोगों को पद्मश्री जैसे सम्मानों में शामिल करने, इस क्षेत्र में काम करने वालों के लिए पेंशन की समुचित व्यवस्था, बिजनेस डेवलपमेंट और एकजुटता जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इन सभी मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का निर्णय भी लिया गया।

अधिवेशन में फेडरेशन के सचिव निर्मल रंधावा, मुंबई से हरीश भाटिया, श्याम भाटिया, सावियो जॉन परेरा, पंजाब से इंदिरा आहलुवालिया, सीमा जे. राजानी, उदय टक्के, मधुमिता सैकिया, नीता पारेख, पिंकी सिंह, विपुल चूड़ासमा, विपिन दबास के साथ ही ब्यूटी एंड वेलनेस सेक्टर स्किल काउंसिल (B&WSSC) के अध्यक्ष ब्लाजम कोचर और डायरेक्टर मोनिका बहल सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने भाग लिया।

Related post